नगर पालिका सभागार में 150 सफाई कर्मियों को मिला स्वास्थ्य, स्वच्छता और सुरक्षित जीवनशैली का व्यावहारिक प्रशिक्षण।
स्वच्छता के सिपाहियों की सेहत पर फोकस, डोईवाला में विशेष प्रशिक्षण।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
नगर क्षेत्र को स्वच्छ रखने में अहम भूमिका निभाने वाले सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से डोईवाला नगर पालिका परिषद के सभागार में विशेष जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रोजेक्ट सर्कुलर भारत के तहत हिंदुस्तान यूनिलीवर के सहयोग से प्लान फाउंडेशन द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें नगर क्षेत्र के लगभग 150 सफाई कर्मियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यशाला के दौरान प्रशिक्षकों ने सरल और व्यावहारिक तरीकों से व्यक्तिगत स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के महत्वपूर्ण पहलुओं पर जानकारी दी। सफाई कर्मियों को नियमित रूप से हाथ धोने, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित आहार लेने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने तथा प्रतिदिन हल्का व्यायाम करने के महत्व को विस्तार से समझाया गया। साथ ही कार्य के दौरान स्वयं को सुरक्षित रखने के उपायों पर भी मार्गदर्शन दिया गया।
नगर पालिका के मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन रावत ने कहा कि सफाई कर्मी नगर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी सेहत नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों से उन्हें अपने कार्य के दौरान सुरक्षा और स्वच्छता की सही जानकारी मिलती है। नगर पालिका भविष्य में भी सफाई कर्मियों के हित में इस तरह के कार्यक्रम लगातार आयोजित करती रहेगी।
प्लान फाउंडेशन के वैभव ने कहा कि सुरक्षित जीवनशैली अपनाकर सफाई कर्मी स्वयं को कई गंभीर बीमारियों से बचा सकते हैं। यह कार्यशाला उनके दैनिक कार्य को अधिक सुरक्षित और सहज बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। भविष्य में भी नगर पालिकाओं के साथ मिलकर ऐसे जागरूकता कार्यक्रम जारी रखे जाएंगे।
कार्यक्रम में डोईवाला नगर पालिका परिषद के सिद्धार्थ सिंह सजवाण सहित प्लान फाउंडेशन की टीम से अर्चित, दीपिका, तानिया, विकास और दीपक की सक्रिय मौजूदगी रही। समापन अवसर पर वक्ताओं ने सफाई कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वे नगर की स्वच्छता व्यवस्था की आधारशिला हैं और उनका स्वस्थ व सुरक्षित रहना पूरे समाज के स्वास्थ्य से सीधे तौर पर जुड़ा हुआ है।



