नन्हे खिलाड़ियों की बड़ी जीत, सम्मान से खिल उठे चेहरे।
गांधीग्राम बुल्लावाला में राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर चमके बच्चों को मिला सम्मान, रुकैया को विशेष प्रोत्साहन।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
बच्चों की खेल प्रतिभाओं को नई दिशा देने के उद्देश्य से पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख अश्वनी बहुगुणा ने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गांधीग्राम बुल्लावाला में आयोजित सम्मान समारोह में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-खिलाड़ियों को सम्मानित किया। समारोह में बच्चों का उत्साह देखते ही बनता था।
राज्य स्तर पर ताइक्वांडो में फरहान, अभिमन्यु, सुमित, अनिकेत, अंशिका और कनक; जूडो में अनिकेत, अंशिका और कनक; बॉक्सिंग में अनिकेत और विभोर थापा,कुश्ती में अनिकेत, सौरभ, अंशिका और रुकैया को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय स्तर पर कुश्ती में क्षेत्र का नाम रोशन करने वाली रुकैया को विशेष प्रोत्साहन राशि देकर सम्मान प्रदान किया गया।
इस अवसर पर अश्वनी बहुगुणा ने कहा कि आज के बच्चे ही कल का भविष्य हैं। खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व विकसित करते हैं। यदि शुरुआत से उन्हें सही मंच और निरंतर प्रोत्साहन मिले, तो ये नन्हे खिलाड़ी प्रदेश ही नहीं, देश का नाम रोशन करेंगे। मेरी कोशिश रहेगी कि गांव और स्कूल स्तर की प्रतिभाओं को कभी संसाधनों की कमी न झेलनी पड़े।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकों-शिक्षिकाओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और भोजन माताओं को भी बच्चों के सर्वांगीण विकास में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इस मौके पर प्रधानाध्यापक चंद्र प्रकाश पाल, सेवा दल जिला अध्यक्ष सुनील बर्मन आदि के अलावा शिक्षक गण, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और भजन माता मौजूद रही।



