नवरात्र की रौनक, भक्ति और बाजार में उत्साह का संगम, बाजारों में श्रद्धालुओं की चहल-पहल।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
शारदीय नवरात्र की शुरुआत होते ही बाजारों में भी नवरात्र की रौनक देखने को मिली। नारियल, चुनरी, लौंग-इलायची, सिंदूर, कलश और पूजा सामग्री की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ रही I रेलवे रोड, मिल रोड, ऋषिकेश रोड और देहरादून रोड पर सुबह से ही चहल-पहल ने माहौल को उत्सवमय बना दिया। दुकानों और सजावट ने बाजार को भक्तिमय उत्सव का रूप दे दिया।

देहरादून रोड दुकानदार सतपाल अग्रवाल ने बताया सुबह से ही नारियल, चुनरी और पूजा सामग्री की बिक्री इस बार उम्मीद से कहीं ज्यादा हो रही है। नवरात्र व्यापार के लिए सिर्फ कारोबार नहीं, बल्कि भक्ति का पर्व है।
खरीददार विमला वर्मा ने कहा कि नवरात्र में हर सामान जरूरी होता है, मां की पूजा पूरी श्रद्धा से करनी चाहिए।
खरीददार मीना नैथानी ने कहा कि बाजार की चहल-पहल और मंदिरों की सजावट देखकर मन में असीम ऊर्जा का संचार होता है।
श्री सिद्धपीठ शक्ति मंदिर समिति के अध्यक्ष गगन नारंग ने कहा कि नवरात्र पर मंदिर में विशेष सजावट की गई है। भक्तों की सुविधा के लिए साफ-सफाई, सुरक्षा और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है।
श्री मनोकामना सिद्ध पीठ मंदिर के पंडित रमेश डंडारियाल ने कहा कि इस पावन पर्व पर सभी को माता की आराधना और पूजा-पाठ अवश्य करनी चाहिए। माता का आशीर्वाद हर घर में सुख-शांति और समृद्धि लेकर आता है।



