Blog

पंच प्यारों की अगुवाई में धूमधाम से निकला नगर कीर्तन।

गतका पार्टी के अद्भुत कौशल और महिलाओं के मधुर कीर्तन ने बांधा समां।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
सिखों के प्रथम गुरु गुरु नानक देव महाराज के 556वें प्रकाश पर्व पर सोमवार को नगर में श्रद्धा और भक्ति का सागर उमड़ पड़ा। गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा प्रेम नगर बाजार से प्रारंभ हुआ भव्य नगर कीर्तन, पंच प्यारों की अगुवाई में नगर के मुख्य मार्गों मिल रोड, नगर चौक, मिस्सरवाला, चांदमारी से होकर पुनः गुरुद्वारा सिंह सभा में जाकर संपन्न हुआ। नगर कीर्तन में संगतों का उत्साह देखने लायक था।

मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा कर संगत का स्वागत किया। पोंटा साहिब से आई गतका पार्टी के युवाओं ने पारंपरिक युद्धकला का अद्भुत प्रदर्शन करते हुए श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। तलवारबाजी और करतबों का यह प्रदर्शन गुरु परंपरा की वीरता और अनुशासन का सजीव उदाहरण बना। वहीं सिख महिलाओं ने कीर्तन के मध्य से गुरु वाणी का मधुर गायन कर पूरे नगर को भक्ति के रंग में रंग दिया। उनके सुरों की गूंज से वातावरण “वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह” के जयकारों से गूंजता रहा।

नगर कीर्तन के दौरान नगर के प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और गुरु सेवा का आनंद लिया। नगर के कोने-कोने में गुरु भक्ति, कीर्तन और वाहेगुरु के जयकारों की गूंज से वातावरण पूरी तरह पवित्र और भावनाओं से सराबोर हो उठा।

इस अवसर पर पोंटा साहिब से आए ज्ञानी दीप सिंह ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने संसार को सत्य, प्रेम और सेवा का मार्ग दिखाया। उनके उपदेश आज भी मानवता को एक सूत्र में पिरोने का संदेश देते हैं। वहीं देहरादून के कथा वाचक ज्ञानी कुलजिंदर सिंह ने कहा कि गुरु साहिब के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने 500 वर्ष पूर्व थे। उनके जीवन से हमें सिख मिलती है कि ईश्वर की सच्ची आराधना सेवा, करुणा और सत्य के मार्ग पर चलना I
नगर कीर्तन में गुरु सिंह सभा के प्रधान गुरदीप सिंह, सचिन हरभजन सिंह, पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, सुरेंद्र सिंह खालसा, ताजेंद्र सिंह, अरविंदर सिंह बिट्टा, गुरबचन सिंह, इंद्रजीत सिंह, बलविंदर सिंह, डॉ राजेंद्र प्रसाद गोस्वामी, अमरजीत सिंह, जसविंदर सिंह, हरदीप सिंह, कम्मी सिंह, प्रदीप सिंह बंगा, गुरपाल सिंह, इंद्रजीत सिंह लाडी, प्रीत पाल सिंह, ईश्वर चंद अग्रवाल, मनोज नौटियाल, प्रिंस सिंह, रनजोत सिंह, राजकुमार सिंह राज, दलजीत कौर, तरुणा सिंगारी आदि मौजूद रहे I

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button