नारी शक्ति से संवर रहा डोईवाला, घर-घर स्वच्छता की अलख, 100 महिलाओं ने बदली कचरा प्रबंधन की तस्वीर।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
नगर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाने में नगर पालिका परिषद डोईवाला की स्वच्छता वाहिनी मिसाल बनती जा रही है। नगर पालिका के नेतृत्व में गठित स्वच्छता वाहिनी की महिलाएं घर-घर पहुंचकर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को नई दिशा दे रही हैं। नारी शक्ति के इस संगठित प्रयास से न केवल सफाई व्यवस्था सुदृढ़ हुई है, बल्कि आमजन में स्वच्छता को लेकर जागरूकता भी तेजी से बढ़ी है।
स्वच्छता वाहिनी की महिलाएं नागरिकों को गीले कचरे से जैविक खाद बनाने, सूखे कचरे के पृथक्करण, सैनिटरी और खतरनाक कचरे के सुरक्षित निस्तारण सहित चार प्रकार के कूड़े के सही प्रबंधन की जानकारी दे रही हैं। नियमित संपर्क और संवाद के चलते लोगों की सोच और आदतों में बदलाव आया है। अब अधिकतर घरों में कचरा अलग-अलग एकत्र किया जा रहा है, जिससे सफाई व्यवस्था सुचारू होने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बल मिला है।
नगर पालिका क्षेत्र में 10 स्वच्छता वाहिनी समूहों की 100 महिलाएं पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ इस अभियान को आगे बढ़ा रही हैं। इनके प्रयासों का सीधा असर यह हुआ है कि नगर पालिका की यूजर चार्ज वसूली में भी वृद्धि हुई है, जिससे स्वच्छता से जुड़ी सुविधाओं को और बेहतर किया जा रहा है।
नगर पालिका के मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन रावत ने स्वच्छता वाहिनी की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि नारी शक्ति के सहयोग से नगर में कचरा प्रबंधन व्यवस्था मजबूत हुई है। घर-घर जाकर दी जा रही जानकारी से जैविक खाद को बढ़ावा मिला है और नागरिकों की भागीदारी भी बढ़ी है। यह अभियान स्वच्छ और स्वस्थ डोईवाला की दिशा में एक मजबूत कदम है।
कुल मिलाकर, डोईवाला में चल रहा यह स्वच्छता अभियान साबित कर रहा है कि जब नारी शक्ति नेतृत्व संभालती है, तो नगर की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल सकती हैं।



