नुक्कड़ नाटक से पढ़ाया स्वच्छता का पाठ, डोईवाला में कई स्थानों पर चला जागरूकता अभियान।
कचरा स्रोत पर पृथक्करण और सिंगल यूज प्लास्टिक से दूरी का संदेश, आमजन से निभाने की अपील।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला नगर को स्वच्छ और पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद डोईवाला की ओर से निकाय क्षेत्र में कई स्थानों पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जनजागरूकता अभियान चलाया गया। नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को कूड़ा इधर-उधर न फेंकने, कचरे को स्रोत पर ही चार श्रेणियों में अलग-अलग करने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने के लिए प्रेरित किया गया।
कलाकारों ने रोचक संवाद और प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से यह संदेश दिया कि स्वच्छता केवल नगर पालिका की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग रुके और नाटक के माध्यम से दिए गए संदेशों को गंभीरता से सुना।
नप मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन रावत ने कहा कि डोईवाला नगर को स्वच्छ रखने में नागरिकों की भूमिका सबसे अहम है। यदि प्रत्येक व्यक्ति कचरे का स्रोत पर ही पृथक्करण करे और सिंगल यूज प्लास्टिक से परहेज करे, तो नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना आसान हो जाएगा। उन्होंने बताया कि नगर पालिका ऐसे जागरूकता अभियानों के माध्यम से लगातार आमजन को जोड़ने का प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम में प्रयास जागरूकता मंच की टीम के साथ नगर पालिका परिषद डोईवाला के सिद्धार्थ सिंह सजवाण, नीरज तथा प्लान फाउंडेशन की ओर से अर्चित, तानिया और विकास मौजूद रहे।



