Doiwala newsउत्तराखंडसामाजिक

पालिका सभासद की अवैध प्लाटिंग पर चला एमडीडीए का डंडा, प्राधिकरण ने दिखाई जीरो टॉलरेंस नीति।

डोईवाला क्षेत्र में 40 बीघा से अधिक अवैध प्लाटिंग को किया गया ध्वस्त, नोटिस के बाद भी नहीं रुकी थी गतिविधि।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला क्षेत्र में अनियोजित विकास पर अंकुश लगाने के लिए मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने विभिन्न स्थानों पर की गई करीब 40 बीघा से अधिक अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई ने स्पष्ट कर दिया कि नियमों के उल्लंघन पर पद और प्रभाव किसी को भी राहत नहीं दिला सकता।
एमडीडीए की यह कार्रवाई बीएसएफ कैंप के समीप कुड़कावाला–निकट भट्टा मार्ग तथा झबरावाला क्षेत्र में की गई। जांच में सामने आया कि बीएसएफ कैंप के पीछे लगभग 30 बीघा भूमि पर बिना स्वीकृति के अवैध प्लाटिंग की जा रही थी, जानकारी के मुताबिक यह नगर पालिका के निर्दलीय सभासद रियासत अली मोंटी एवं आवेद अली से जुड़ी बताई जा रही है। वहीं झबरावाला क्षेत्र में करीब 10 बीघा भूमि पर दीपू रावत द्वारा की गई प्लाटिंग भी नियमों के विरुद्ध पाई गई, जिस पर बुलडोजर चलाया गया।
एमडीडीए के सहायक अभियंता प्रमोद मेहरा ने बताया कि सभी संबंधित व्यक्तियों को पूर्व में नोटिस जारी कर अवैध निर्माण और प्लाटिंग रोकने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन नियमों की अनदेखी लगातार जारी रही। इसी कारण नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान अवर अभियंता स्वाती कोहली सहित पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा, जिससे कार्रवाई सुचारु रूप से संपन्न हो सकी।
प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में बिना स्वीकृति की जा रही प्लाटिंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि आम नागरिकों के हितों और सुरक्षा के साथ भी खिलवाड़ है। एमडीडीए का उद्देश्य नियोजित विकास को बढ़ावा देना और नागरिकों को सुरक्षित, वैध एवं सुविधाजनक आवासीय वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने आमजन से अपील की कि भूमि क्रय करने से पहले उसकी वैधता की पुष्टि एमडीडीए से अवश्य करें।
वहीं एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने स्पष्ट किया कि यह पूरी कार्रवाई विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत की गई है। अवैध प्लाटिंग करने वालों को पूर्व में पर्याप्त अवसर दिए गए थे, लेकिन अनुपालन न होने पर सख्त कदम उठाना पड़ा। उन्होंने कहा कि आगे भी प्रवर्तन कार्रवाई में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
एमडीडीए की इस कार्रवाई को डोईवाला क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति का स्पष्ट संदेश माना जा रहा है

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button