Blog

पीआईसी में खेल प्रतिभाओं की जन्मभूमि पर उग आई झाड़ियां।

आधे से ज्यादा खेल मैदान पर खरपतवार का कब्जा, छात्रों की खेल भावना पर पड़ा असर।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला क्षेत्र का गौरव और दशकों से खिलाड़ियों की जन्मभूमि रहा पब्लिक इंटर कॉलेज का खेल मैदान इन दिनों उपेक्षा की कहानी कह रहा है। कभी जयघोष और खेल प्रतिस्पर्धाओं से गूंजने वाला यह मैदान अब जंगली झाड़ियों और खरपतवार से ढका पड़ा है।
आधे से ज्यादा मैदान में झाड़ियां उग चुकी हैं, जिससे विद्यालय की खेल गतिविधियां पूरी तरह ठप हैं। विद्यार्थियों और अभिभावकों में नाराज़गी साफ झलक रही है।

विद्यालय प्रबंधक मनोज नौटियाल ने कहा कि यह मैदान हमारे विद्यालय की पहचान है। यहीं से सैकड़ों खिलाड़ियों ने अपने सपनों की उड़ान भरी। वर्तमान स्थिति निश्चित रूप से चिंता का विषय है, लेकिन हमने मैदान को पुनः खेल योग्य बनाने का संकल्प लिया है। आने वाले सप्ताह में मैदान की सफाई, समतलीकरण और रखरखाव की पूरी जिम्मेदारी तय की जाएगी। हमारा लक्ष्य है कि यह मैदान फिर से बच्चों की उमंग और उत्साह का केंद्र बने।

विद्यालय अध्यक्ष गुरदीप सिंह ने कहा कि पब्लिक इंटर कॉलेज क्षेत्र का सबसे पुराना और गौरवशाली विद्यालय है। वर्षों से इस मैदान ने क्षेत्र की खेल संस्कृति को जीवित रखा है। मगर अब आधे से ज्यादा मैदान पर झाड़ियां फैल गई हैं, जिससे खेल भावना को गहरी चोट पहुंची है। हमने तय किया है कि मैदान की मरम्मत, घास की बुवाई और सीमांकन कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा। आने वाले महीनों में यह मैदान फिर से हरियाली और उत्साह से भर जाएगा।

अभिभावकों और पूर्व छात्रों ने भी विद्यालय प्रबंधन की इस पहल का स्वागत किया है। उनका कहना है कि मैदान केवल विद्यालय की संपत्ति नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की पहचान है। यदि मैदान फिर से खेल योग्य बन गया, तो बच्चों की प्रतिभा और ऊर्जा दोनों को नई दिशा मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button