प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत माजरी ग्रांट में बहुउद्देशीय शिविर, 110 शिकायतें सुनीं, 23 का मौके पर समाधान।
समग्र विकास भाजपा सरकार की प्राथमिकता । विधायक बृजभूषण गैरोला
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
प्रशासन गांव की ओर : जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के अंतर्गत न्याय पंचायत माजरी ग्रांट के सामुदायिक केंद्र में जिला प्रशासन द्वारा वृहद बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा ने की। शिविर में ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, सिंचाई, राजस्व सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी 110 शिकायतें एवं समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं, जिनमें से 23 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि भाजपा सरकार का लक्ष्य गांव, गरीब और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का समग्र और प्रभावी लाभ पहुंचाना है। समग्र विकास भाजपा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे शिविर ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहे हैं।
डोईवाला एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रत्येक न्याय पंचायत में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित कर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से शत-प्रतिशत आच्छादित किया जा रहा है।
शिविर में 1310 लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा एलोपैथिक, आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक पद्धति से स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। पशुपालन विभाग ने पशु दवाएं उपलब्ध कराईं। कृषि एवं उद्यान विभाग द्वारा किसानों को कृषि यंत्र, बीज एवं पीएम किसान निधि प्रदान की गई। समाज कल्याण विभाग ने वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन स्वीकृत की। पूर्ति विभाग द्वारा राशन कार्ड धारकों की केवाईसी कराई गई। पंचायतीराज, एनआरएलएम, श्रम, उद्योग, डेयरी, सहकारिता, विद्युत सहित अन्य विभागों ने भी स्टॉल लगाकर सेवाएं दीं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सुखन्दिर कौर, ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह, दर्जाधारी राज्य मंत्री मधु भट्ट, एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह के साथ जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र पाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।



