Blog

प्रेमनगर बाजार वार्ड-18 में बंदरों का बढ़ता आतंक, दुकानदारों और परिवारों की दिनचर्या अस्त-व्यस्त।

व्यापार प्रभावित, बच्चों व बुजुर्गों की सुरक्षा पर मंडराया खतरा—स्थानीय लोगों की तत्काल मदद की अपील।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाल नगर पालिका के प्रेमनगर बाजार वार्ड नंबर 18 में बंदरों की बढ़ती संख्या और आक्रामक गतिविधियों ने लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को संकट में डाल दिया है। बंदरों के झुंड न केवल लोगों पर झपट रहे हैं, बल्कि गलियों और बाजार में लगातार उत्पात मचाकर असुरक्षा का माहौल बना रहे हैं। दुकानदार और स्थानीय परिवार दोनों ही इससे अत्यधिक परेशान हैं।

बाजार के दुकानदार रमेश गुप्ता और विशाल जिंदल के अनुसार बंदरों की वजह से व्यापार पर सीधा असर पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि कई बार बंदर दुकान में घुसकर सामान गिरा देते हैं, जिससे ग्राहक डर जाते हैं और खरीदारी से बचने लगते हैं। “बाजार का माहौल असुरक्षित हो चुका है, बंदरों का डर अब कारोबार पर भारी पड़ रहा है,” उन्होंने कहा।

स्थानीय निवासी अनीता और नीलम कर्णवाल ने बताया कि बंदरों के झुंड कई बार गलियों में आपस में लड़ाई करते हैं, जिससे इतना शोर होता है कि महिलाएँ और बच्चे बाहर निकलने में हिचकिचाने लगते हैं। उन्होंने कहा कि बंदर घरों के बाहर रखे सामान को नुकसान पहुंचाते हैं और खिड़कियों तक आ जाते हैं, जिससे घर के अंदर भी चिंता का माहौल रहता है।

बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर परिवारों में गहरी चिंता है। लोग सुबह–शाम दरवाजे खोलकर बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं। स्थिति दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है।

पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि प्रशासन इस मामले को प्राथमिकता पर देख रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बंदरों की गतिविधि को नियंत्रित करने के लिए टीम को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। “जल्द ही पकड़ने और राहत की कार्रवाई शुरू की जाएगी ताकि लोगों की सुरक्षा और शांति बहाल की जा सके,” नेगी ने कहा।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल और स्थायी समाधान की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button