Blog

बंदरों का आतंक चरम पर, प्रेमनगर बाजार में वन विभाग ने लगाया पिंजरा।

पटाखे बेअसर—घरों से दुकानों तक बंदरों की घुसपैठ, विशेष अभियान की तैयारी।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला नगर पालिका के वार्ड 18 के प्रेमनगर बाजार में बंदरों का बढ़ता आतंक स्थानीय लोगों और दुकानदारों के लिए गंभीर समस्या बन गया है। लगातार पटाखों और शोर-गुल के बावजूद बंदरों की गतिविधियाँ कम नहीं हुई हैं और हालात दिनों-दिन बिगड़ते जा रहे हैं। घरों की छतों से लेकर बाजार की दुकानों तक बंदरों के झुंड बेखौफ घूम रहे हैं, जिससे लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।

स्थानीय निवासी रोमा जिंदल ने बताया कि बंदर घरों तक पहुंचकर नुकसान कर रहे हैं और पानी की टंकी तक तोड़ चुके हैं। गृहणी कविता सिंह ने कहा कि बंदरों की निर्भीकता बढ़ती जा रही है और वे सीधे किचन की खिड़की पर कूद पड़ते हैं, जिससे घर में तनाव का माहौल बना रहता है। दुकानदार सत्यम लोधी और रमेश गुप्ता ने भी बताया कि ग्राहक बंदरों के डर से दुकान में आने से कतराते हैं, जिससे बिक्री आधी रह गई है।

शिकायतों के बाद लच्छीवाला वन क्षेत्राधिकारी ने बाजार में बंदर पकड़ने के लिए पिंजरा लगवाया है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में विशेष निगरानी जारी है और जल्द ही बंदरों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। साथ ही उन्होंने लोगों से बंदरों को भोजन न देने और कचरा खुले में न फेंकने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button