Blog

बड़ासी के नन्हे सितारों की बड़ी उड़ान, गांव का मान हुआ और ऊंचा। राहुल मनवाल

शैक्षिक, सांस्कृतिक व खेल मंचों पर बच्चों का परचम, राजकीय प्राथमिक विद्यालय बड़ासी की शानदार सफलता।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
शैक्षिक सत्र 2025–26 में राजकीय प्राथमिक विद्यालय बड़ासी के छात्र-छात्राओं ने शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। ब्लॉक स्तर पर आयोजित मेधावी एवं निपुण विद्यार्थी प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
‘सपनों की उड़ान–2025–26’ कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों की प्रतिभा देखने लायक रही। ब्लॉक स्तर पर आयोजित सात प्रतियोगिताओं में से छह में विद्यालय ने प्रथम स्थान हासिल किया। रायपुर ब्लॉक स्तरीय आयोजनों में वाद्य यंत्र, लोक गायन तथा महिला प्रेरक समूह जैसी विधाओं में बच्चों ने पहला स्थान प्राप्त कर विद्यालय की श्रेष्ठता सिद्ध की।
जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी सफलता का सिलसिला जारी रहा। वाद्य यंत्र और लोक गायन में प्रथम तथा महिला प्रेरक समूह में द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यार्थियों ने विद्यालय को पुनः सम्मान दिलाया। इन उपलब्धियों के उपलक्ष्य में विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित कर सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
समारोह में ग्राम प्रधान राहुल मनवाल ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बड़ासी के होनहार बच्चे गांव और विद्यालय का नाम प्रदेश स्तर तक रोशन कर रहे हैं। यह उपलब्धि शिक्षकों की लगन, विद्यार्थियों की मेहनत और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रतिभाशाली बच्चों को आगे भी हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रधानाध्यापिका भारती क्षेत्री, शिक्षक कंचन, सरिता, प्रिया, हिमानी सोलंकी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रतियोगिताओं में अवनी, विहान, आयुष्मान, वैभव सहित कई विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय को गौरवान्वित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button