बसंत पंचमी से पहले पतंगबाजी की तैयारियां, सुरक्षित मांझे को लेकर व्यापारियों की साझा पहल।
रेलवे रोड, प्रेम नगर बाजार और अन्य क्षेत्रों में देसी पतंगों की मांग बढ़ी, चायनीज मांझे से बना रहे दूरी।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
बसंत पंचमी के पर्व को लेकर डोईवाला के बाजारों में पतंग और मांझे की रौनक दिखाई देने लगी है। रेलवे रोड और प्रेम नगर बाजार में दुकानों पर रंग-बिरंगी देसी पतंगों के साथ साधारण मांझा लोगों की पहली पसंद बना हुआ है। इस बार त्योहार की तैयारी के साथ-साथ सुरक्षा को लेकर भी व्यापारियों ने एकजुट रुख अपनाया है।
रेलवे रोड के दुकानदार मोहित गुप्ता ने बताया कि बच्चों और युवाओं में पतंगबाजी को लेकर खासा उत्साह है, लेकिन सुरक्षा को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। इसी कारण उन्होंने अपनी दुकान पर केवल देसी और सुरक्षित मांझा ही उपलब्ध कराया है।
वहीं रेलवे रोड के ही दुकानदार अमन गुप्ता का कहना है कि प्रशासन की सख्ती के चलते अब बाजार में खतरनाक चायनीज मांझा नजर नहीं आता। उन्होंने कहा कि ग्राहक भी अब जागरूक हो चुके हैं और सुरक्षित विकल्पों की ही मांग कर रहे हैं।
प्रेम नगर बाजार के पतंग विक्रेता राहुल घई ने बताया कि व्यापार के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि चायनीज मांझे से होने वाले हादसों को देखते हुए सभी दुकानदारों को इसे पूरी तरह त्याग देना चाहिए, ताकि त्योहार खुशी और सुरक्षित माहौल में मनाया जा सके।
स्थानीय लोगों का मानना है कि दुकानदारों की इस सामूहिक पहल से बसंत पंचमी का पर्व इस बार और भी सुरक्षित व उल्लासपूर्ण रहेगा, साथ ही यह दूसरों के लिए भी एक सकारात्मक संदेश है।



