बाजारों में करवा चौथ की रौनक, मेहंदी और आभूषणों ने बढ़ाई उत्सव की चमक।
कंगन, झुमके,हार और सेट के स्टॉल्स पर हुई जमकर भीड़।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
करवा चौथ पर्व को लेकर स्थानीय बाजारों में दिनभर रौनक बनी रही। महिलाओं ने पारंपरिक व्रत के लिए पूजन सामग्री, साज-सज्जा का सामान और उपहारों की जमकर खरीदारी की। देहरादून रोड से लेकर ऋषिकेश रोड तक स्थित बाजारों में सुबह से ही भीड़ उमड़ने लगी। चूड़ी, बिंदी, फैंसी लोटा, थाली, छलनी, चुनरी, साड़ी के स्थान पर डिजाइनर सूट, मेकअप किट, गहने, सोलाह श्रृंगार सामग्री और करवा चौथ के विशेष उपहार सेट खूब बिके।
बाजार के सौंदर्यकेंद्रों और मेहंदी आर्टिस्ट के स्टॉल पर भीड़ लगी रही। महिलाओं ने हाथों पर पारंपरिक और आधुनिक डिजाइनों की मेहंदी लगवाई।
मिल रोड आभूषण विक्रेता दामन बाली ने कहा कि करवा चौथ का त्योहार सुहाग का प्रतीक है, चांदी और हल्के सोने के आभूषणों की बिक्री में अच्छी बढ़ोतरी हुई है। कंगन, झुमके, मांगटीका और सेट खूब पसंद किए जा रहे हैं।
ऋषिकेश रोड के आभूषण व्यापारी वैभव महावर ने बताया कि फेस्टिव सीजन में विशेष डिजाइन के नए कलेक्शन उतारे हैं। महिलाओं में ट्रेंडी और पारंपरिक दोनों तरह के आभूषणों की जबरदस्त डिमांड रही। शाम तक दुकान में ग्राहकों की भीड़ बनी रही, करवा चौथ हमारे लिए साल के बड़े सीजन में से एक है।



