Blog

बालाजी फार्म में ब्लॉक प्रमुख के आयोजन में रंगों, संस्कृति और भाईचारे के साथ मना होली मिलन समारोह, रंग नहीं, रिश्ते मजबूत करने का पर्व है होली। ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
होली के पावन पर्व पर डोईवाला में सामाजिक सौहार्द और सांस्कृतिक एकता की खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली। ऋषिकेश रोड स्थित बालाजी फार्म में डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी के तत्वावधान में भव्य होली मिलन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साह के साथ सहभागिता की।

रंगारंग आयोजन के दौरान पारंपरिक गीत-संगीत, लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर लोग झूमते नजर आए। एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी गईं और आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया। पूरा परिसर रंगों और उल्लास से सराबोर रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी ने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि रिश्तों को मजबूत करने और समाज को जोड़ने का अवसर है। उन्होंने कहा कि यह त्योहार आपसी भेदभाव को मिटाकर प्रेम, सौहार्द और एकता का भाव पैदा करता है। ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता को मजबूती देने के साथ-साथ हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखते हैं।

पब्लिक इंटर कॉलेज के प्रबंधक मनोज नौटियाल ने कहा कि होली जैसे पर्व समाज में सकारात्मक सोच और सहयोग की भावना को बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि सामूहिक आयोजनों से नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।

कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत सदस्य टीना सिंह, जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनोज नौटियाल, अश्वनी कुमार, सुधीर रतूड़ी, राजेश गुरुंग, करतार सिंह नेगी, सागर मनवाल, गौरव मल्होत्रा, सार्दुल नेगी, राहुल नितिन थापा, हेमा पुरोहित, रेखा बहुगुणा, रश्मि देवरानी, रफल सिंह, राजेश गुरुंग , रणजीत सिंह बॉबी, प्रीतम सिंह , इंद्रजीत सिंह, रफल सिंह, प्रिंस, मंगल सिंह, अशोक पाल, मधु सिंह, सुनील दत्त, जितेंद्र बिष्ट, धनवीर वेंदवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

कुल मिलाकर, बालाजी फार्म में आयोजित यह होली मिलन समारोह रंगों से कहीं आगे बढ़कर रिश्तों की मजबूती, सामाजिक एकता और भाईचारे का सशक्त संदेश देकर यादगार बन गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button