भट्टनगरी रानीपोखरी में राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय को लेकर जनआंदोलन तेज, तीसरे दिन भी डटे ग्रामीण।
शिलान्यासित भूमि पर किसी भी अन्य परियोजना का विरोध, जनभावनाओं के साथ खिलवाड़ नहीं होने देंगे। प्रदर्शनकारी
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
भट्टनगरी रानीपोखरी में राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय उत्तराखंड की स्थापना को लेकर चल रहा धरना सोमवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, महिलाएं और जनप्रतिनिधि एकत्रित हुए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि स्थानीय लोगों की सहमति और हितों की अनदेखी कर लिया गया कोई भी निर्णय स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इस मौके पर प्रधान संगठन न्याय पंचायत रानीपोखरी के अध्यक्ष अनूप चौहान ने कहा कि जिस भूमि का शिलान्यास राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के नाम पर हुआ है, वहां केवल विधि विश्वविद्यालय ही बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिलान्यास के उद्देश्य से हटकर किसी अन्य निर्माण या प्रयोग की कोशिश का क्षेत्रवासी एकजुट होकर विरोध करेंगे। यह आंदोलन क्षेत्र के अधिकारों, शिक्षा के भविष्य और जनविश्वास की रक्षा से जुड़ा है।
ग्राम प्रधान अनिल कुमार ने कहा कि जनभावनाओं की उपेक्षा किसी भी स्तर पर उचित नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि प्रभावित ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर पारदर्शी व स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि क्षेत्र में असंतोष और न बढ़े।
धरने में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश किसान मोर्चा के गढ़वाल सह संयोजक अरुण शर्मा, लिस्ट्राबाद ग्राम प्रधान अनिल कुमार, संदीप भट्ट, विक्रम भंडारी, सतीश सेमवाल, अरुण रावत, नितिन पंवार, पंकज यादव, रवि कुमार, सागर मनवाल, मनोज भट्ट, सुनील यादव, जगत राम पैन्यूली, दौलत राम, नरेंद्र मखलोगा, लखीराम, राजीव, मालती चौहान, अनिता राणा, अनीता पंवार, सुमित्रा देवी, मुन्नी देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं मौजूद रहीं।



