छात्रों की पढ़ाई पर भारी पड़ रही बरसात के मौसम की मार।
प्रदेश में लगातार हो रही बारिश ने जन जीवन को अस्त व्यस्त करने के साथ आपदा के भी बना दिए हालात।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
प्रदेश में लगातार हो रही बारिश ने जन जीवन को अस्त व्यस्त करने के साथ आपदा के भी हालत बना दिए हैं। राज्य के पहाड़ी जिले इन दोनों मौसम की मार के चलते त्राहिमाम कर रहे हैं, वहीं इन सब का खामियाजा छात्र-छात्राओं को अपनी बाधित हो रही पढ़ाई के रूप में चुकाना पड़ रहा है। विद्यालय ऑनलाइन कक्षाओं के माध्यम से पाठ्यक्रम को पूर्ण करने की जद्दोजहद मे लगे हैं। अगस्त माह में लगातार हो रही बारिश के चलते राज्य में आपदा की स्थिति बनी हुई है और पहाड़ी जिले सबसे ज्यादा इसकी चपेट में है। जनजीवन पर खतरा मंडराया हुआ है वही लगातार हो रहे अवकाश के चलते छात्र-छात्राओं को अपनी पढ़ाई से भी वंचित होना पड़ रहा है। अगस्त माह बीतने को है और इस माह मुश्किल से एक सप्ताह भी विद्यालय नहीं खुले हैं। राज्य का आपदा प्रबंधन विभाग और सरकार छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिगत विद्यालयों में अवकाश घोषित कर रही है। अवकाश के चलते विद्यालयों के सामने अपने पाठ्यक्रमों को पूरा करने की चुनौती बनी हुई है, वही सितंबर अक्टूबर माह में अर्द्धवार्षिक परीक्षा भी दस्तक दे रही है, ऐसे में विद्यालय कोरोना कल की तरह ऑनलाइन कक्षाओं के माध्यम से अपने पाठ्यक्रम को पूर्ण करने की जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे हैं। पब्लिक इंटर कॉलेज में हिंदी के अध्यापक अश्विनी गुप्ता ने बताया कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा महत्वपूर्ण है और इसीलिए अवकाश भी किया जाता है पर पढ़ाई के न होने से पाठ्यक्रम के छूट जाने का खतरा भी है ऐसे में शिक्षक गूगल मीट और अन्य माध्यमों से शिक्षण कार्य कर रहे हैं जिसका फायदा विद्यार्थी उठा रहे हैं शिक्षक अमित रावत, साक्षी सुंदरियाल, भुवनेश वर्मा, राधा गुप्ता ने कहा कि अवकाश घोषित होने पर छात्र हित में ऑनलाइन क्लासों का संचालन किया जाता है।



