Blog

भट्टनगरी रानीपोखरी में राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की मांग तेज, धरना आठवें दिन भी जारी।

सैकड़ों ग्रामीणों व महिलाओं की भागीदारी, जनप्रतिनिधियों और संगठनों का मिला समर्थन।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
भट्टनगरी रानीपोखरी में प्रस्तावित राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग को लेकर चल रहा धरना मंगलवार को आठवें दिन भी जारी रहा। धरने में क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं ने सहभागिता की और सरकार से शीघ्र निर्णय की मांग की।

भाजपा प्रदेश किसान मोर्चा के गढ़वाल सहसंयोजक अरुण शर्मा ने कहा कि भट्ट नगरी रानीपोखरी जैसे शैक्षिक दृष्टि से उपयुक्त क्षेत्र में राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की स्थापना से पूरे प्रदेश के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। इससे स्थानीय युवाओं को गुणवत्तापूर्ण विधिक शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा और क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।

ग्राम प्रधान लिस्ट्राबाद रमेश कुमार ने कहा कि यह केवल एक संस्थान की मांग नहीं, बल्कि उत्तराखंड के भविष्य से जुड़ा विषय है। सरकार को चाहिए कि जनभावनाओं को समझते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय ले, अन्यथा आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

धरने में आज लोक जनशक्ति संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री सुरेन्द्र सिंह राणा भी पहुंचे। उन्होंने आंदोलन को समर्थन देते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में ऐसे राष्ट्रीय स्तर के संस्थान राज्य को नई पहचान देते हैं और जनहित की इस मांग के लिए सभी को एकजुट होना चाहिए।

धरनास्थल पर मौजूद लोगों ने एक स्वर में भट्ट नगरी रानीपोखरी में राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग दोहराई और कहा कि जब तक मांग पूरी नहीं होती, आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा।
धरने मेंसंदीप भट्ट, अनूप चौहान, अनिल कुमार , नवीन चौधरी, विक्रम भंडारी, चांद खान,लक्ष्मण बिष्ट, नरेंद्र चौहान, अरुण रावत, पंकज यादव, रविंद चौहान, रवि कुमार, जगत राम पैन्यूली, मोहन बिष्ट, दौलत राम, घनश्याम, लखीराम, अनिता राणा, अनीता पंवार, सुमित्रा देवी, मुन्नी देवी सहित सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे I

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button