Blog

भालू के हमले में महिला गंभीर रूप से घायल, जॉलीग्रांट अस्पताल में भर्ती।

थानों रेंज के आरक्षित वन क्षेत्र में चारा काटते समय हुआ हमला, गांव में दहशत का माहौल।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
थानों रेंज अंतर्गत आरक्षित वन क्षेत्र में भालू के हमले से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद घायल महिला को हिमालयन अस्पताल जॉलीग्रांट भर्ती किया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत गुडुल के ग्राम सौढ़ कैमठ निवासी सुशीला देवी (43 वर्ष), पत्नी श्री रघुवीर सिंह, खेतों में पशुओं के लिए चारा काटने गई थीं। इसी दौरान जंगल से अचानक निकले भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले में महिला के सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।

महिला के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद भालू जंगल की ओर भाग गया। ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें हिमालयन अस्पताल जॉलीग्रांट रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों व विभागीय कर्मचारियों के सहयोग से घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया गया। वन विभाग द्वारा पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है।

विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि यह घटना बेहद चिंताजनक है। वन क्षेत्र से सटे गांवों में लोगों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। वन विभाग के साथ समन्वय कर प्रभावित क्षेत्र में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और ग्रामीणों को सुरक्षित माहौल मिल सके।
थानों वनात्राधिकारी नत्थीलाल डोभाल ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे वन क्षेत्र में पूरी सतर्कता बरतें और अकेले जंगल में प्रवेश न करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button