Blog

भालू हमले के बाद प्रशासन हरकत में, पीड़िता को 70 हजार रूपए की तात्कालिक सहायता।

वन विभाग ने निभाई जिम्मेदारी, प्रभावित क्षेत्र में निगरानी और गश्त तेज।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
ग्राम पंचायत गुडुल के ग्राम सौढ़ (कैमठ) क्षेत्र में 18 दिसंबर को हुए भालू हमले के मामले में वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल महिला सुशीला देवी को ₹70,000 की आर्थिक सहायता चेक के माध्यम से प्रदान की। घटना के बाद प्रशासनिक स्तर पर सक्रियता दिखाते हुए पीड़ित परिवार को राहत पहुंचाई गई।
जानकारी के अनुसार, जंगल से सटे क्षेत्र में काम के दौरान सुशीला देवी पर भालू ने अचानक हमला कर दिया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें उपचार के लिए हिमालयन अस्पताल, जॉलीग्रांट पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि वन्यजीवों के बढ़ते हमले ग्रामीणों के लिए चुनौती बनते जा रहे हैं। ऐसे मामलों में सरकार और प्रशासन की प्राथमिकता पीड़ितों को त्वरित सहायता देना और भविष्य में घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना है।
प्रभागीय वनाधिकारी अमित कुंवर ने बताया कि भालू की सक्रियता को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है तथा ग्रामीणों को सतर्क रहने और जंगल क्षेत्र में सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।
इस अवसर पर उप प्रभागीय वनाधिकारी अनिल रावत, थानों वन क्षेत्राधिकारी एन.एल. डोभाल, डोईवाला पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी एवं सभासद ईश्वर रोथान उपस्थित रहे। सभी ने पीड़ित परिवार को प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button