मनरेगा के मूल स्वरूप से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं: कांग्रेस का ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ अभियान तेज।
केंद्र सरकार पर मनरेगा को कमजोर करने का आरोप, डोईवाला में कांग्रेस की पत्रकार वार्ता।
डोईवाला स्थित परवादून जिला कांग्रेस कार्यालय में शनिवार को “मनरेगा बचाओ संग्राम” अभियान के तहत आयोजित पत्रकार वार्ता में परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने केंद्र सरकार पर मनरेगा के मूल स्वरूप को कमजोर करने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी मनरेगा की कानूनी गारंटी और इसके मूल उद्देश्य को हर हाल में बचाने के लिए संघर्ष करेगी।
मोहित उनियाल ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा का नाम बदलकर “विकसित भारत गारंटी रोजगार आजीविका मिशन करना केवल नाम परिवर्तन नहीं है, बल्कि इसके साथ योजना की आत्मा को भी बदला जा रहा है। उन्होंने कहा कि रोजगार के दिन 100 से बढ़ाकर 125 करने का दावा किया जा रहा है, लेकिन इसके साथ ही कानूनी गारंटी को समाप्त कर दिया गया है, जो गरीबों और मजदूरों के अधिकारों पर सीधा हमला है।
कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के बीच निधि विभाजन का अनुपात 90:10 से बदलकर 60:40 कर दिया गया है, जिससे राज्यों पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा। इसके अलावा काम की अनुमति के लिए पूर्व अनुमोदन की अनिवार्यता, बेरोजगारी भत्ते की व्यवस्था को कमजोर करना, कार्यक्षेत्र को सीमित करना और केवल केंद्र सरकार द्वारा चयनित गांवों में ही काम कराए जाने जैसे प्रावधान मनरेगा को निष्प्रभावी बनाने की दिशा में कदम हैं।
डोईवाला कांग्रेस नगर अध्यक्ष करतार नेगी ने कहा कि मनरेगा के मूल स्वरूप में किए जा रहे बदलावों से ग्रामीण रोजगार का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा और यह योजना नौकरशाही के नियंत्रण में चली जाएगी। बेरोजगारी भत्ते को कमजोर करने से मजदूरों को सीधा नुकसान होगा और उनकी आजीविका असुरक्षित हो जाएगी।
पत्रकार वार्ता में कांग्रेस द्वारा आगामी आंदोलनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई। 11 जनवरी को एक दिवसीय उपवास एवं प्रतीकात्मक विरोध, 12 से 29 जनवरी तक ग्राम पंचायतों में चौपाल एवं जनसंपर्क कार्यक्रम, 30 जनवरी को वार्ड व ब्लॉक स्तर पर शांतिपूर्ण धरना, 31 जनवरी से 6 फरवरी तक जिला स्तरीय धरना, 7 से 15 फरवरी तक राज्य स्तर पर विधानसभा घेराव तथा 16 से 25 फरवरी तक एआईसीसी स्तर पर चार क्षेत्रीय रैलियों का आयोजन किया जाएगा।
कांग्रेस प्रदेश सचिव सागर मनवाल और कांग्रेस पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष मनोज नौटियाल ने कहा कि मनरेगा गरीबों और मजदूरों के लिए जीवनरेखा है और इसके मूल स्वरूप में किसी भी प्रकार का बदलाव स्वीकार नहीं किया जाएगा।
पत्रकार वार्ता में बताया गया कि डोईवाला कांग्रेस द्वारा 11 जनवरी 2026 को धर्मुचक अंबेडकर पार्क में एक दिवसीय उपवास एवं प्रतीकात्मक विरोध दर्ज किया जाएगा। पत्रकार वार्ता में परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल, डोईवाला कांग्रेस नगर अध्यक्ष करतार नेगी, कांग्रेस प्रदेश सचिव सागर मनवाल, कांग्रेस पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष मनोज नौटियाल एवं नगरपालिका सभासद गौरव मल्होत्रा उपस्थित रहे।



