Blog

मसूरी सजने को तैयार—विंटर लाइन कार्निवाल में होगा संस्कृति, पर्यटन और रोमांच का संगम।

कार्निवाल के प्रत्येक दिवस को महान विभूतियों को समर्पित करने का निर्णय, कई स्थानों पर होंगे विशेष कार्यक्रम।

खबर को सुनें

मसूरी की सुंदरता और सांस्कृतिक धरोहर को उजागर करने के लिए शहर को दुल्हन की तरह सजाया जाएगा। जोशी

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
उत्तराखंड की पर्यटन नगरी मसूरी में 24 से 29 दिसंबर तक आयोजित होने जा रहे विंटर लाइन कार्निवाल 2025 की तैयारियां जोर पकड़ चुकी हैं। मंगलवार को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने राजपुर रोड स्थित मंथन सभागार में मसूरी महोत्सव समिति एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की और कार्निवाल की रूपरेखा को अंतिम स्वरूप दिया।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राज्य की रजत जयंती वर्षगांठ पर इस बार विंटर कार्निवाल को और भी भव्य रूप दिया जाएगा। समिति के सुझाव पर इस वर्ष कार्निवाल 24 दिसंबर से ही प्रारंभ होगा, जो राज्य आंदोलन के प्रणेता इंद्रमणि बडोनी की 100वीं जयंती को समर्पित रहेगा। उन्होंने बताया कि कार्निवाल के प्रत्येक दिन को किसी न किसी महान विभूति को समर्पित किया जाएगा।
25 दिसंबर को भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। अन्य दिवस शहीदों, पद्मश्री पुरस्कार विजेताओं, रस्किन बॉन्ड तथा राज्य के अन्य महानायकों के नाम रहेंगे।

मंत्री जोशी ने बताया कि इस बार कार्निवाल एक स्थान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि गांधी चौक, शहीद स्थल, पिक्चर पैलेस, लंढौर चौक, टाउन हॉल सहित अनेक स्थानों पर विभिन्न सांस्कृतिक, खेल एवं मनोरंजनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने मसूरी महोत्सव का विशेष ब्रॉशर शीघ्र जारी करने के निर्देश भी दिए।

मंत्री ने कहा कि मसूरी की सुंदरता और सांस्कृतिक धरोहर को उजागर करने के लिए शहर को दुल्हन की तरह सजाया जाएगा। सभी चौक–चौराहों पर सौंदर्यीकरण, सजावटी लाइटिंग और वॉल पेंटिंग की जाएगी। स्थानीय कलाकारों एवं समूहों को प्राथमिकता देते हुए सभी वार्डों में खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएंगी, ताकि स्थानीय समुदाय अधिक संख्या में भाग ले सके।

कार्निवाल में स्टार गेजिंग, विंटर लाइन व्यूइंग, ट्रैकिंग, रॉक क्लाइंबिंग, आईटीबीपी बैंड प्रस्तुति, फोटोग्राफी प्रतियोगिता जैसे अनेक विशेष आकर्षण शामिल किए जाएंगे। वहीं देहरादून ISBT, रेलवे स्टेशन, एक्सप्रेस वे एवं अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर होर्डिंग लगाकर कार्निवाल का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

मंत्री ने लोक निर्माण विभाग को मसूरी सड़क व रैलिंग सुधार कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने मसूरी में सुचारू यातायात हेतु वन-वे व्यवस्था को प्रभावी बनाने और दूसरी ओर की सड़क को भी दुरुस्त करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कार्निवाल के दौरान बिजली, पानी, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, शटल सेवा, सुरक्षा, सफाई तथा अलाव जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ मजबूत रखी जाएं।

बैठक में मसूरी महोत्सव समिति के सदस्यों ने भी कार्निवाल की रूपरेखा पर अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, व्यापार संघ अध्यक्ष रजत अग्रवाल, संस्कृति प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक राजेन्द्र रावत, पूर्व जिला मंत्री सतीश ढौड़ियाल, जिलाधिकारी सविन बंसल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा, एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया, संयुक्त मजिस्ट्रेट मसूरी राहुल कुमार, एसडीएमए प्रत्यूष सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button