महाशिवरात्रि पर भोले के दर्शन को उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, देर रात से शुरू हुआ जलाभिषेक।
नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक शिवालयों में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे, श्रद्धा और आस्था का दिखा अनुपम संगम।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर भोलेनाथ के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख शिवालयों में देर रात से ही जलाभिषेक का क्रम आरंभ हो गया था। श्रद्धालु लंबी-लंबी कतारों में खड़े होकर भगवान शिव का जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और पुष्पों से अभिषेक करते नजर आए। पूरा वातावरण हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से भक्तिमय हो गया।
मंदिर समितियों की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, प्रसाद वितरण और कतार प्रबंधन की समुचित व्यवस्था की गई। सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद नजर आया। सुबह से लेकर देर शाम तक शिवालयों में भक्तों की आवाजाही बनी रही।
अग्रवाल धर्मशाला सोमेश्वर मंदिर के पंडित रमेश डंडरियाल ने बताया कि महाशिवरात्रि भगवान शिव और माता पार्वती के पावन विवाह का पर्व है। इस दिन विधि-विधान से शिवलिंग का अभिषेक करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और जीवन में सुख-समृद्धि आती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से सत्य, संयम और सेवा के मार्ग पर चलने का आह्वान भी किया।
महाशिवरात्रि के अवसर पर नगर और ग्रामीण अंचलों में शिव भक्ति का यह उत्सव आस्था, परंपरा और सामाजिक समरसता का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया।
लच्छीवाला में शिवरात्रि मेले की धूम, झूलों और खरीदारी से सजा उत्सव
बच्चों से बुजुर्गों तक ने लिया मेले का आनंद, देर शाम तक उमड़ी रही भीड़
डोईवाला – महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर लच्छीवाला में आयोजित मेले में पूरे दिन रौनक बनी रही। मेले में लगाए गए विभिन्न प्रकार के झूलों ने बच्चों को खासा आकर्षित किया। ड्रैगन झूला, नाव झूला, ब्रेक डांस सहित अन्य मनोरंजक झूलों पर बच्चों की लंबी कतारें लगी रहीं। वहीं महिलाओं और बुजुजुर्गों ने पूजा सामग्री, खिलौने, श्रृंगार और खानपान की दुकानों से जमकर खरीदारी की।
शाम ढलते ही मेले की रौनक और बढ़ गई। रोशनी से जगमगाते झूलों और चहल-पहल भरे बाजार ने मेले को आकर्षक बना दिया। परिवार के साथ आए लोगों ने मेले में घूमकर खरीदारी की और बच्चों के साथ झूलों का आनंद लिया। माहौल पूरी तरह भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना रहा।
मेले में झूलों का संचालन कर रहे मंसूर अली ने बताया कि महाशिवरात्रि के मौके पर हर साल अच्छी भीड़ रहती है। उन्होंने कहा कि इस बार भी बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने झूलों का भरपूर आनंद लिया और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया, ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष प्रदीप कुमार सचिव अजय थापा रणधीर गुरुंग, उर्मिला देवी, पम्मी राज सिंह आदि मौजूद थे।
मंदिर और मेले में पहुंचकर विधायक गैरोला ने दी महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं
जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धालुओं से मिलकर की सुख-समृद्धि की कामना
डोईवाला- महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों और मेला स्थल पर पहुंचे विधायक बृजमोहन गैरोला ने श्रद्धालुओं को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने भगवान शिव से क्षेत्र की खुशहाली, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।
विधायक गैरोला ने मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन किया और मेले में आए लोगों से संवाद कर पर्व की बधाई दी। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि आस्था, संयम और सामाजिक एकता का पर्व है, जो हमें सकारात्मक ऊर्जा और लोककल्याण की प्रेरणा देता है।
क्षेत्र के विभिन्न प्रतिनिधि जिला अध्यक्ष भाजपा राजेंद्र तडियाल, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष ममता नयाल, पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी, माजरी ग्रांट प्रधान निशा देवी, भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज शर्मा, मारखम ग्राम प्रधान परविंदर सिंह बाउ तथा पूर्व ब्लाक प्रमुख नगीना रानी आदि जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धालुओं को शिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की और मेले के शांतिपूर्ण आयोजन की कामना की। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और श्रद्धालु मौजूद रहे।



