सांसद हरिद्वार त्रिवेंद्र ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों का किया संघन दौरा, किसानों और आम जनता से की मुलाकात।
सरकार की प्राथमिकता है कि आपदा प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो। त्रिवेंद्र
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
मूसलाधार बरसात से हुए जाखन पुल, माजरी ग्रांट चाँडी, और आसपास आपदा ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा करते हुए सांसद त्रिवेंद्र रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रभावित क्षेत्रवासियों और किसानों के नुकसान का शीघ्रता से आकलन करें। उन्होंने कहा कि हर नुकसान का विवरण तत्काल तैयार किया जाए ताकि प्रभावित लोगों को त्वरित राहत प्रदान की जा सके।
सांसद रावत ने अधिकारियों को कड़ी हिदायत दी कि सिर्फ रिपोर्ट बनाने तक सीमित न रहें, बल्कि राहत कार्यों को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जाए। उन्होंने कहा कि यह सरकार की प्राथमिकता है कि आपदा प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
किसानों की फसलें, घर और आवासीय क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। सांसद ने क्षेत्रीय अधिकारियों से कहा कि नुकसान का आंकलन न केवल भूमि और फसल के हिसाब से हो, बल्कि आर्थिक और सामाजिक प्रभाव का भी ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि हर प्रभावित व्यक्ति को न्यायपूर्ण सहायता मिले, इसके लिए अधिकारियों को पूरी तत्परता से कार्य करना होगा।
सांसद रावत ने खुद आपदा प्रभावित स्थानों का दौरा कर स्थानीय लोगों से भी मुलाकात की और उनकी समस्याओं को समझा। इस दौरान पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, सभासद ईश्वर सिंह रोथान, सुरेश सैनी, संपूर्ण सिंह रावत, साहब सिंह सैनी,कमल गोला आदि के अलावा कई अधिकारी मौजूद रहे।



