दशहरे पर दिव्यांश का तोहफा, 10 साल की उम्र में बनाया 4 फीट का रावण।
छोटे हाथों से बड़ी सोच, दिव्यांश ने दिखाया हुनर ,मोहल्ले में बना आकर्षण का केंद्र।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
विजयदशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। इस पर्व पर जहां बड़े-बड़े मैदानों में विशाल रावण दहन की तैयारियां होती हैं, वहीं प्रेम नगर बाजार, डोईवाला के 10 वर्षीय दिव्यांश ने अपने छोटे हाथों से बड़ा कमाल कर दिखाया है। दिव्यांश ने अकेले अपने दम पर मेहनत कर 4 फीट ऊँचा रावण का पुतला तैयार किया, जो मोहल्ले में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
दिव्यांश का कहना है कि दशहरा उसका प्रिय त्योहार है और इसी से प्रेरणा लेकर उसने रावण बनाने का निश्चय किया। उसने कहा कि जब बड़े लोग रावण बनाते हैं तो मैंने सोचा मैं भी कोशिश करूँ। यह बनाना मजेदार था और जब सबने तारीफ की तो बहुत खुशी हुई।
दिव्यांश की माँ ने गर्व से कहा कि हमारे बेटे ने त्यौहार पर अपनी मेहनत और लगन से सबको चौंका दिया। हमें उस पर नाज है कि उसने अपनी छोटी उम्र में इतना बड़ा काम किया।
स्थानीय लोगों ने दिव्यांश की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि यह बच्चा आने वाले समय में और भी बड़े काम कर सकता है। दशहरे जैसे त्योहार पर दिव्यांश की यह कला बच्चों और बड़ों, दोनों के लिए प्रेरणा बन गई है।



