मानसून से पहले प्रशासन के सामने रखी जलभराव की समस्या।
आर्यनगर के जनप्रतिनिधि और निवासियों ने नाला निर्माण को बताया स्थायी समाधान।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
वार्ड नंबर 2 आर्य नगर क्षेत्र में बरसात के मौसम के दौरान सॉन्ग नदी का जलस्तर बढ़ते ही जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती है। बीते मानसून में नदी का पानी भानियावाला अंडरपास के नीचे से होकर आबादी क्षेत्र में घुस गया था, जिससे ग्रामीण क्षेत्र, तहसील परिसर और डिग्री कॉलेज तक जलभराव हो गया। कई घरों में पानी भरने से लोगों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा, वहीं डिग्री कॉलेज परिसर में भी भवन और शैक्षणिक सामग्री को क्षति पहुंची थी।
हर साल सामने आ रही इस समस्या को लेकर वार्ड सदस्य सुरेश सैनी के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। नागरिकों ने डोईवाला की एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि डिग्री कॉलेज के पीछे स्थित जंगल क्षेत्र के मध्य से एक नाला निर्माण कर बरसाती पानी को सीधे सॉन्ग नदी में प्रवाहित किया जाए। लोगों का कहना है कि नाला निर्माण से जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान संभव है।
एसडीएम डोईवाला अपर्णा ढोडियाल ने कहा कि
समस्या के समाधान के लिए स्थल निरीक्षण कर आवश्यक तकनीकी परीक्षण कराए जाएंगे, इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान सभासद सुरेश सैनी के साथ उमानंद बहुगुणा, राजेंद्र प्रसाद रतूड़ी, मनीष यादव, संपूर्ण रावत और ऋषि कुमार सहित कई स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने प्रशासन से मानसून से पहले ठोस और प्रभावी कदम उठाने की मांग की।



