Blog

युरेका फोर्ब्स में ठेका श्रमिकों के शोषण के खिलाफ तहसील में प्रदर्शन।

लालतप्पड़ स्थित कंपनी में वर्षों से कार्यरत श्रमिकों को हटाने का आरोप, आंदोलन की चेतावनी।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
लालतप्पड़ औद्योगिक क्षेत्र स्थित युरेका फोर्ब्स कंपनी में कार्यरत ठेका श्रमिकों ने शोषण के विरोध में तहसील पहुंचकर प्रदर्शन किया और उपजिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। श्रमिकों ने आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन वर्षों से उनका आर्थिक व मानसिक शोषण कर रहा है और नियमविरुद्ध तरीके से कर्मचारियों को हटाया जा रहा है।
श्रमिकों के अनुसार वे 10 से 15 वर्षों से कंपनी में कार्यरत हैं, इसके बावजूद उन्हें वैधानिक अधिकारों से वंचित किया गया। पूर्व में सहायक श्रमायुक्त द्वारा ठेकेदारों के लाइसेंस निरस्त किए जाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। 19 जनवरी को वार्ता के निर्देश दिए गए थे, लेकिन कंपनी प्रबंधन उपस्थित नहीं हुआ।
श्रमिकों ने चेतावनी दी कि कार्रवाई न होने पर 11 फरवरी से शांतिपूर्ण आंदोलन शुरू किया जाएगा।
सभासद और श्रमिक नेता संदीप नेगी ने कहा कि युरेका फोर्ब्स कंपनी में ठेका श्रमिकों का शोषण गंभीर विषय है। वर्षों से कार्यरत श्रमिकों को नियमविरुद्ध हटाना श्रम कानूनों का खुला उल्लंघन है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की और कहा कि यदि श्रमिकों को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

प्रदर्शन करने वालों में इस अवसर पर संविदा श्रमिक पवन नेगी,विमल सिंह,किशन उनियाल विपिन नेगी,मुकेश रौतेला,संदीप कुमार,बंशी लाल थपलियाल,विपिन नेगी,प्रकाश थापा,मोहित नेगी, मान सिंह ,त्रिलोक भंडारी, नरेश सिंह असवाल,गुरमीत सिंह ,नरेंद्र सिंह,चंद्र किशोर,श्याम सिंह,मनीष नेगी आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button