Blog

लच्छीवाला टोल प्लाजा पर नगर पालिका और वन विभाग का संयुक्त स्वच्छता अभियान, जनभागीदारी पर दिया जोर।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
नगर पालिका परिषद डोईवाला एवं लच्छीवाला वन विभाग द्वारा लच्छीवाला टोल प्लाजा के समीप संयुक्त स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान टोल प्लाजा क्षेत्र में फैले कचरे को हटाया गया, नालियों की सफाई की गई तथा पूरे क्षेत्र को स्वच्छ बनाकर आमजन को स्वच्छ वातावरण का संदेश दिया गया। साथ ही लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए जनभागीदारी अपनाने की अपील की गई।

नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि स्वच्छता ही किसी भी क्षेत्र के विकास का असली पैमाना है। जब तक नागरिक स्वयं आगे आकर साफ-सफाई में भागीदारी नहीं निभाएंगे, तब तक स्वच्छ और स्वस्थ समाज की कल्पना अधूरी रहेगी। उन्होंने कहा कि नगर पालिका का प्रयास है कि शहर से लेकर पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों तक नियमित रूप से स्वच्छता अभियान चलाए जाएं।

नगर पालिका अधिशासी अधिकारी एम.एल. शाह ने बताया कि स्वच्छता को लेकर नगर पालिका द्वारा लगातार अभियान संचालित किए जा रहे हैं। वन विभाग के साथ समन्वय कर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि वन क्षेत्रों से सटे इलाकों में भी नियमित सफाई और निगरानी बनी रहे। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि कचरा इधर-उधर न फेंकें और निर्धारित स्थानों पर ही डालें।

लच्छीवाला वन दरोगा पी.एस. रावत ने कहा कि वन क्षेत्र से सटे इलाकों में स्वच्छता बनाए रखना बेहद आवश्यक है। गंदगी से पर्यावरण को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ वन्यजीवों पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। ऐसे संयुक्त अभियानों से पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलती है।

नगर पालिका मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन रावत ने बताया कि अभियान के दौरान सफाई कर्मचारियों को स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। आगे भी नियमित निरीक्षण कर साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा।

अभियान में वन दरोगा छत्रसाल बिष्ट, वन दरोगा सोमनाथ, सीमा मिश्रा, ज्योति असवाल, प्राची उनियाल, भावना, विजय थपलियाल, रजत कुमार, संजू, वपिल असवाल, शैलेंद्र, नगर पालिका सुपरवाइजर नीरज कुमार, सुरेंद्र, अजय चौहान, सिद्धार्थ सहित नगर पालिका और वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button