लच्छीवाला टोल प्लाजा स्थानांतरण की मांग, विधायक बृजभूषण गैरोला ने दिल्ली में राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को सौंपा ज्ञापन।
हाथी कॉरिडोर क्षेत्र में टोल से बढ़ा खतरा, राहगीरों व स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर उठी आवाज।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
लच्छीवाला टोल प्लाजा को हाथी कॉरिडोर क्षेत्र से स्थानांतरित करने की मांग को लेकर डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में विधायक ने बताया कि लच्छीवाला क्षेत्र हाथियों के प्राकृतिक आवागमन का कॉरिडोर है, जहां पहले भी कई बार हाथियों द्वारा राहगीरों पर जानलेवा हमले की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
विधायक ने कहा कि टोल प्लाजा के कारण वाहनों की आवाजाही और जाम की स्थिति बनती है, जिससे हाथियों के साथ मानव-वन्यजीव संघर्ष का जोखिम बढ़ जाता है। इससे न केवल यात्रियों की जान खतरे में पड़ती है, बल्कि आसपास के गांवों के लोगों को भी भय के साए में रहना पड़ता है। उन्होंने टोल प्लाजा को सुरक्षित वैकल्पिक स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग करते हुए कहा कि इससे दुर्घटनाओं में कमी आएगी और हाथियों के संरक्षण के साथ-साथ आमजन की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।
केंद्रीय मंत्री को सौंपे गए ज्ञापन में शीघ्र कार्रवाई का आग्रह करते हुए विधायक ने उम्मीद जताई कि मंत्रालय इस विषय पर संज्ञान लेकर आवश्यक निर्णय करेगा, ताकि क्षेत्रवासियों और यात्रियों को हाथियों के हमलों से राहत मिल सके।



