Blog

लालतप्पड़ औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिक शोषण के खिलाफ धरना 18 वें दिन भी जारी, 2 मार्च तक समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन होगा और व्यापक

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
लालतप्पड़ औद्योगिक क्षेत्र में यूरेका फॉर्ब्स श्रमिक शोषण के विरोध में श्रमिकों का धरना आज 18वें दिन भी लगातार जारी रहा। धरनास्थल पर मौजूद श्रमिकों ने बताया कि श्रम विभाग की ओर से आगामी 2 मार्च को प्रस्तावित वार्ता को देखते हुए फिलहाल आंदोलन को सीमित रखा गया है, लेकिन यदि इसके बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं निकला तो आंदोलन को और अधिक व्यापक एवं प्रभावी रूप दिया जाएगा।

श्रमिकों का कहना है कि लंबे समय से वेतन भुगतान, कार्यघंटों, सामाजिक सुरक्षा और अन्य श्रम अधिकारों से जुड़े गंभीर मुद्दे लंबित हैं। प्रबंधन द्वारा बार-बार अनदेखी किए जाने के कारण उन्हें मजबूरन शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन का सहारा लेना पड़ा है।

धरने को संबोधित करते हुए श्रमिक नेता एवं सभासद संदीप सिंह नेगी ने कहा कि प्रस्तावित वार्ता में श्रमिक हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने उप श्रमायुक्त से मांग की कि प्रबंधन को निर्देश जारी कर श्रमिकों की समस्याओं का शीघ्र और न्यायसंगत समाधान सुनिश्चित कराया जाए।

श्रमिक नेता पवन सिंह नेगी ने कहा कि श्रमिक संयम और विश्वास के साथ वार्ता का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन यदि यह वार्ता भी निष्कर्षहीन रही तो आंदोलन को जनसहयोग से और अधिक व्यापक व प्रभावी बनाया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।

धरने में ऋषि रावत, विमल सिंह, ममता देवी, कमला देवी, संगीता देवी, प्रभा देवी, पवन कुमार, मुकेश नौटियाल, मोहित नेगी, बलदेव, मनीष कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button