Blog

वन बचाने की लड़ाई जनभागीदारी से ही जीती जा सकती है । मेधावी कीर्ति

लच्छीवाला रेंज के विद्यालयों में वन अग्नि सुरक्षा सप्ताह के तहत चला जागरूकता अभियान।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
वनों को आग की घटनाओं से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से लच्छीवाला रेंज के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय गुल्लरघाटी सहित आसपास के अन्य विद्यालयों में वन अग्नि सुरक्षा सप्ताह के अवसर पर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और ग्रामीणों को वनाग्नि से होने वाले नुकसान, उसके कारणों तथा प्रभावी रोकथाम उपायों की जानकारी देना रहा।

लच्छीवाला रेंज अधिकारी मेधावी कीर्ति ने कहा कि वन बचाने की लड़ाई केवल वन विभाग नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वनाग्नि से न केवल पेड़-पौधों और वन्यजीवों को भारी क्षति होती है, बल्कि पर्यावरण संतुलन भी बिगड़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे जंगलों में आग से जुड़ी किसी भी तरह की लापरवाही से बचें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।

कुआंवाला अनुभाग अधिकारी छत्रपाल सिंह ने कहा कि छोटी सी चूक भी बड़े स्तर पर वनाग्नि का कारण बन सकती है। समय रहते सूचना मिलने से आग को फैलने से रोका जा सकता है, इसलिए आमजन को चाहिए कि आग की किसी भी घटना की तुरंत सूचना वन विभाग को दें और वन क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को जंगलों में जलती बीड़ी-सिगरेट, माचिस या अन्य ज्वलनशील वस्तुएं न फेंकने, सूखी घास या पत्तियों में आग न लगाने तथा वन क्षेत्र में आग से संबंधित सभी सुरक्षा नियमों का पालन करने की जानकारी दी गई। बच्चों को वनों की सुरक्षा के लिए जागरूक प्रहरी बनने और प्रकृति संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश भी दिया गया।

इस अवसर पर कुआंवाला बीट अधिकारी रजत कुमार, गुल्लरघाटी वन बीट अधिकारी प्राची उनियाल, वन आरक्षी भावना, कैलाश और सुरेश पंवार सहित वन विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button