विकास योजनाओं को धरातल पर उतरना भाजपा की पहली प्राथमिकता। गैरोला
वार्ड 4 में पेयजल संकट से राहत की दिशा में बड़ा कदम, 90 लाख के नलकूप का भूमि पूजन।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
नगर क्षेत्र के वार्ड नंबर 4 में पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए 90 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नलकूप निर्माण कार्य का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक गैरोला ने विधिवत पूजा-अर्चना कर कार्य का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर विधायक गैरोला ने कहा कि स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखकर विकास योजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जॉलीग्रांट और बड़ोवाला क्षेत्र में लंबे समय से पेयजल की समस्या बनी हुई थी, जिसे देखते हुए नलकूप निर्माण का निर्णय लिया गया। नलकूप के पूर्ण होने के बाद आम लोगों को नियमित और पर्याप्त पानी की आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
विधायक ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि जनता की रोजमर्रा की परेशानियों को दूर करना है। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और निर्माण कार्य को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
सभासद अरुण सोलंकी ने कहा कि क्षेत्रवासियों की मांग को गंभीरता से लेते हुए यह योजना स्वीकृत कराई गई है। उन्होंने कहा कि नलकूप बनने से वार्ड नंबर 4 के साथ-साथ आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, राजकुमार पुंडीर, राकेश डोभाल, पंकज रावत, भारत नेगी, पुरुषोत्तम डोभाल, अनूप सोलंकी, विनोद मनवाल, सत्य सिंह बिष्ट सहित जल संस्थान के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



