ऊर्जा बाड़ से सुरक्षित होंगे खेत-खलिहान, किसानों को वन्यजीवों से मिलेगी बड़ी राहत।
बुल्लावाला के रामगढ़ क्षेत्र में 6 लाख की लागत से 1300 मीटर लंबी ऊर्जा बाड़ का शुभारंभ।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
वन्यजीवों से फसलों की लगातार हो रही क्षति से जूझ रहे किसानों के लिए बुल्लावाला क्षेत्र से राहत भरी खबर है। रामगढ़ क्षेत्र में चेयरिंग क्रॉस से सुसवा नदी तक लगभग 1300 मीटर लंबाई में ऊर्जा बाड़ निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। करीब 6 लाख रुपये की लागत से बन रही यह ऊर्जा बाड़ किसानों के खेत-खलिहानों के लिए मजबूत सुरक्षा कवच साबित होगी।
ऊर्जा बाड़ लगने से हाथी व अन्य वन्यजीवों की आवाजाही पर प्रभावी नियंत्रण रहेगा। इससे फसल नुकसान में कमी आएगी और ग्रामीणों की जान-माल की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी। लंबे समय से वन्यजीवों की समस्या से परेशान किसानों को इस योजना से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।
जिलाध्यक्ष राजेंद्र तडियाल ने शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि किसानों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऊर्जा बाड़ निर्माण की स्वीकृति मिलना महत्वपूर्ण कदम है। यह बाड़ किसानों के लिए सुरक्षा कवच बनेगी और उन्हें रात-रात भर खेतों की निगरानी की मजबूरी से भी राहत दिलाएगी।
मारखमग्रांट के ग्राम प्रधान परविंदर सिंह बाउ ने कहा कि वर्षों से चली आ रही वन्यजीवों की समस्या के समाधान की दिशा में यह ठोस पहल है। ऊर्जा बाड़ बनने से ग्रामीणों को सुरक्षित माहौल मिलेगा और खेती-किसानी को नई मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर रामगढ़ रेंज अधिकारी अजय ध्यानी, ग्राम प्रधान परविंदर सिंह बाउ, मनोज कांबोज, मंजू नेगी, जावेद हुसैन, मंगल रौथान, सूबेदार राम सिंह नेगी, प्रमोदत्त बलोनी, रोमा रतुड़ी, श्याम सिंह कश्यप, बशारत अली, महफूज अली सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।



