विधि विश्वविद्यालय भूमि विवाद: ग्रामीणों की आवाज सांसद तक पहुंची।
धरनारत प्रतिनिधिमंडल ने सांसद से की मुलाकात, उच्च शिक्षा सचिव से तुरंत वार्ता कर शीघ्र समाधान का आश्वासन।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
रानीपोखरी भट्ट नगरी राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की स्थापना से जुड़े भूमि प्रकरण को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की चिंता एक बार फिर सामने आई है। भूमि आवंटन को लेकर उत्पन्न स्थिति के समाधान और शीघ्र निर्णय की मांग को लेकर धरनारत लोगों के एक प्रतिनिधिमंडल ने माननीय पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत से भेंट की और पूरे प्रकरण से अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल ने सांसद को बताया कि राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की स्थापना से क्षेत्र में उच्च शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा और शैक्षणिक, सामाजिक व आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी, लेकिन भूमि को लेकर लंबे समय से बनी असमंजस की स्थिति से स्थानीय लोगों में असंतोष है। उन्होंने जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए शीघ्र ठोस निर्णय लेने की मांग रखी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने तत्काल उच्च शिक्षा सचिव से दूरभाष पर वार्ता की और प्रकरण में आवश्यक कार्यवाही शीघ्र करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि यह विषय जनहित से जुड़ा हुआ है और शासन स्तर पर इसका उचित व न्यायसंगत समाधान निकाला जाएगा।
इस दौरान भाजपा किसान मोर्चागढ़वाल सह संयोजक, भारतीय जनता पार्टी प्रदेश किसान मोर्चा अरुण शर्मा, अध्यक्ष, प्रधान संगठन, न्याय पंचायत रानीपोखरी अनूप चौहान,ग्राम प्रधान लिस्ट्राबाद अनिल कुमार, संदीप भट्ट और सुनील यादव मौजूद रहे I



