विवाद के बाद खुला तेलीवाला का राजकीय विद्यालय, सुरक्षा में तैनात रही पुलिस।
छात्राओं से अभद्रता व शिक्षकों पर हमले के विरोध में क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों ने बांधी काली पट्टी।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
तेलीवाला स्थित राजकीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय में हुए विवाद के बाद शनिवार को विद्यालय खुल गया है I स्कूल खुलने के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए परिसर में पुलिस बल तैनात रहा। वहीं, इस घटना के विरोध में क्षेत्र के विभिन्न सरकारी स्कूलों में शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर अपना आक्रोश जतायाI
बताया गया कि बृहस्पतिवार को एक दूसरे समुदाय का युवक स्कूल परिसर में घुस आया था। आरोप है कि उसने छात्राओं से अभद्र व्यवहार किया। जब शिक्षकों ने युवक को रोकने का प्रयास किया तो उसने तीन शिक्षकों पर हमला कर दिया। घटना से स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा कारणों से शुक्रवार को तेलीवाला का स्कूल बंद रखा गया।
शनिवार को विद्यालय को पुनः खोला गया। इस दौरान पुलिस की मौजूदगी में कक्षाएं संचालित की गईं ताकि बच्चों और शिक्षकों में सुरक्षा का भरोसा बना रहे। उधर, इस घटना के विरोध में क्षेत्र के अन्य सरकारी स्कूलों के शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया और विद्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई।
शिक्षकों का कहना है कि स्कूलों में बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा सर्वोपरि है। ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की पुनरावृत्ति न हो। पुलिस ने मामले में कार्रवाई का भरोसा दिलाया है और स्कूल परिसर व आसपास निगरानी बढ़ा दी गई है।



