वीरबाल दिवस पर साहिबजादों के शौर्य को नमन, धार्मिक आयोजनों में याद किया गया धर्म, सत्य और बलिदान का अमर इतिहास।
साहिबजादों का बलिदान भारतीय इतिहास की अमूल्य धरोहर है। गैरोला
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
शेरगढ़ जाखन स्थित भगत रविदास गुरुद्वारा साहिब में शहीदी सप्ताह के अंतर्गत वीरबाल दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह के शहीदी दिवस की स्मृति में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में संगत ने सहभागिता कर साहिबजादों को नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान सुखमणि साहिब सोसायटी की बहनों द्वारा श्री सुखमणि साहिब जी के पाठ किए गए। वक्ताओं ने साहिबजादों के शौर्य और अद्वितीय बलिदान का स्मरण करते हुए कहा कि अल्पायु में दिया गया उनका बलिदान धर्म, सत्य और मानवीय मूल्यों की रक्षा का अमर उदाहरण है।
डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने शहीदों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर कहा कि साहिबजादों का बलिदान भारतीय इतिहास की अमूल्य धरोहर है, जो हर पीढ़ी को अन्याय के विरुद्ध डटे रहने और राष्ट्र के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की प्रेरणा देता है।
मारखम ग्राम प्रधान परमिंदर सिंह बाउ ने कहा कि साहिबजादों का बलिदान युवाओं को साहस, धर्मनिष्ठा और सत्य के मार्ग पर निडर होकर आगे बढ़ने का संदेश देता है।
कार्यक्रम में नगर पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, माजरी ग्रांट ग्राम प्रधान निशा देवी, ग्राम प्रधान गुरजीत सिंह लाडी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।



