शांतनु पराशर की पदोन्नति से एसडीआरएफ में नई ऊर्जा, सम्मान समारोह में बढ़ी गरिमा अशोक स्तंभ अलंकरण से सुशोभित।
आईजी बोले-‘कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण का आदर्श उदाहरण’।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
एसडीआरएफ में लंबे समय से सेवा-समर्पण और कुशल नेतृत्व का परिचय दे रहे सहायक सेनानायक शांतनु पराशर अब अपर पुलिस अधीक्षक (एडिशनल एसपी) के पद पर पदोन्नत हो गए हैं। पुलिस मुख्यालय से मिली इस महत्वपूर्ण पदोन्नति के बाद आयोजित सम्मान समारोह में पुलिस महानिरीक्षक, एसडीआरएफ अरुण मोहन जोशी ने उनके कंधों पर अशोक स्तंभ अलंकरण सजाकर उन्हें नवीन दायित्वों के लिए औपचारिक रूप से सम्मानित किया।
आईजी ने कहा कि शांतनु पराशर की पदोन्नति एसडीआरएफ की कार्यशैली में उनके सतत योगदान, कर्तव्यनिष्ठा और संकट की घड़ी में शांत, प्रभावी नेतृत्व का परिणाम है। उन्होंने कहा कि एसडीआरएफ जैसी विशिष्ट इकाई में ऐसे अधिकारियों का नेतृत्व बेहद महत्वपूर्ण है, जो तकनीक, अनुभव और संवेदनशीलता—तीनों के संतुलन के साथ कार्य करते हों।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पराशर अपनी नई भूमिका में टीम को और अधिक सशक्त, परिणाम–केंद्रित और आपदा प्रबंधन के लिए तैयार बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
कार्यक्रम में मौजूद एसडीआरएफ कर्मियों ने भी उनके पदोन्नत होने पर हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और कहा कि शांतनु पराशर का नेतृत्व हमेशा टीम को प्रेरित करता रहा है। उनके उच्च पद पर पहुँचने से बल के मनोबल में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार हुआ है।
समारोह में उपसेनानायक, एसडीआरएफ शुभांक रतूड़ी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।



