शादी-जन्मदिन पर पौधा देकर रच रहे हरियाली की परंपरा, लच्छीवाला के प्रेम सिंह बने पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
लच्छीवाला निवासी, पूर्व पंचायत सदस्य और पर्यावरण प्रेमी प्रेम सिंह ने पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक आंदोलन का रूप दे दिया है। बीते लगभग पांच वर्षों से वे विवाह, जन्मदिन, गृह प्रवेश और अन्य शुभ अवसरों पर पारंपरिक उपहारों की जगह पौधे भेंट कर रहे हैं। उनकी इस अनूठी और संवेदनशील पहल के तहत अब तक हजारों पौधे लोगों को भेट कर चुके हैं।
प्रेम सिंह का उद्देश्य केवल पौधे भेंट करना नहीं, बल्कि लोगों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भाव जगाना है। वे प्रत्येक व्यक्ति से पौधे की देखभाल करने की अपील भी करते हैं, ताकि दिया गया पौधा आने वाले समय में एक पेड़ बनकर पर्यावरण को संजीवनी दे सके। उनके इस प्रयास से क्षेत्र में हरियाली बढ़ी है और समाज में पर्यावरण बचाने का सकारात्मक संदेश भी मजबूत हुआ है।
पर्यावरण प्रेमी प्रेम सिंह पम्मी राज पर्यावरण आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है। अगर हम पिछले पांच सालों की तरह हर खुशी के मौके पर एक पौधा भेंट करें और उसकी देखभाल का संकल्प लें, तो धरती को बचाने की दिशा में यह बड़ा कदम साबित होगा।
प्रेम सिंह की यह मुहिम यह संदेश देती है कि निरंतर प्रयास और सच्ची सोच से पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाया जा सकता है।



