नगर पालिका में भाजपा सभासदों का धरना, भाजपा सभासद प्रदीप नेगी जेटली ने दी आत्मदाह की चेतावनी।
अनियमितताओं और अस्वीकृत प्रस्ताव को स्वीकृत करने का पालिका पर लगाया आरोप, बोर्ड बैठक की कार्यवाही पर गहराया विवाद।
नगर पालिका की पहली बोर्ड बैठक की कार्यवाही को लेकर चल रहा विवाद अब खुलकर सामने आ गया है। मंगलवार को नगर पालिका कार्यालय परिसर में भाजपा और निर्दलीय सभासदों ने धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान वार्ड सभासद एवं पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा युवा मोर्चा प्रदीप नेगी जेटली ने अनियमितताओं के विरोध में आत्मदाह की चेतावनी देकर प्रशासन पर दबाव बढ़ा दिया।
धरने पर बैठे सभासदों का आरोप है कि 12 नवंबर 2025 को हुई नगर पालिका बोर्ड बैठक में जिन प्रस्तावों पर चर्चा कर निर्णय लिया गया था, उनके विपरीत कार्यवृत्त तैयार किया गया। आरोप है कि बैठक के बाद कागजों में छेड़छाड़ कर कुछ ऐसे प्रस्तावों को भी सर्वसम्मति से पारित दर्शाया गया, जिन पर न तो बैठक में चर्चा हुई और न ही उन्हें प्रस्तुत किया गया।
सभासदों ने बताया कि इस संबंध में पहले नगर पालिका अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी और जिलाधिकारी को भी लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराज होकर उन्हें धरना देने के लिए मजबूर होना पड़ा।
धरने के दौरान वार्ड नंबर 9 के भाजपा सभासद प्रदीप नेगी जेटली ने कहा कि बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पास होने के बाद कागजातों में हेराफेरी की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आत्मदाह जैसा कठोर कदम उठाने को मजबूर होंगे।
वार्ड नंबर 8 के सभासद संदीप नेगी ने कहा कि बोर्ड बैठक की वास्तविक कार्यवाही से अलग कार्यवृत्त तैयार किया जाना बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि इससे न केवल सभासदों की भूमिका को कमजोर किया जा रहा है, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया की विश्वसनीयता भी प्रभावित हो रही है। यदि इस तरह का रवैया जारी रहा, तो सभासद इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेंगे और आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इधर नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र नेगी ने सभी आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि बोर्ड बैठक की कार्यवाही पूरी तरह नियमों के अनुसार की गई है और सभासदों का बहुमत उनके साथ है। अध्यक्ष ने धरना और बयानबाजी को राजनीतिक दबाव बनाने का प्रयास बताया।
धरना प्रदर्शन में सभासद प्रदीप नेगी, संदीप नेगी, वार्ड नंबर 3 के पूर्व सभासद एवं सभासद प्रतिनिधि हिमांशु राणा, वार्ड नंबर 5 के सभासद प्रतिनिधि विनीत मनवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
इसी मामले को सभासदों ने जिलाधिकारी को सौंपा था ज्ञापन।
पूर्व में अनियमितताओं और अस्वीकृत प्रस्ताव को स्वीकृत करने और बोर्ड के बैठक की कार्यवाही के छेड़छाड़ करने के विरोध में जिलाधिकारी देहरादून को एक ज्ञापन प्रेषित कर जांच कर कार्रवाई की मांग की थी। इस ज्ञापन में भाजपा सभासद प्रदीप नेगी जेटली, अमित कुमार, राजेश भट्ट, प्रियंका मनवाल, विनीत राजपूत, अरुण सोलंकी, रीना कोठारी, डॉक्टर कल्पना नेगी राणा, ईश्वर सिंह रोथान, सुरेश सैनी, निर्दलीय सभासद मनीष धीमान, बबीता, संदीप नेगी के अलावा कांग्रेस सभासद सुशीला सैनी के हस्ताक्षर मौजूद थे।



