Blog

सड़क चौड़ीकरण की मार: पेयजल लाइन फटने से लोग परेशान।

दूधली मार्ग पर बह रहा पानी, आवाजाही प्रभावित; लो-प्रेशर से पेयजल संकट गहराया।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
दूधली मार्ग पर चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो जाने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लाइन फटने के कारण सड़क पर लगातार पानी बह रहा है, जिससे कीचड़ फैल गया है और राहगीरों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
पेयजल लाइन के क्षतिग्रस्त होने से आसपास के इलाकों में जलापूर्ति प्रभावित हुई है। लाइन से जुड़े कई उपभोक्ताओं को लो-प्रेशर की समस्या झेलनी पड़ रही है, जिससे घरेलू उपयोग के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है।
सिमलासयांट के पूर्व प्रधान उमेद सिंह बोरा ने सड़क चौड़ीकरण कार्य में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि बिना समुचित समन्वय और सावधानी के किए जा रहे कार्यों का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। प्रधान ने विभागीय अधिकारियों से क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की शीघ्र मरम्मत की मांग की है।

वहीं, अधिशासी अभियंता बीएन द्विवेदी ने बताया कि निर्माण एजेंसी को चौड़ीकरण कार्य पूरी सावधानी और सुरक्षा मानकों के अनुरूप करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या दोबारा उत्पन्न न हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button