सरकारी स्कूल में नए सत्र का उत्साहपूर्ण आगाज़, पहले ही दिन मिलीं किताबें।
गांधीग्राम बुल्लावाला विद्यालय में दीप प्रज्वलन के साथ सत्र 2026-27 शुरू, नए विद्यार्थियों का माल्यार्पण कर स्वागत।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला विकासखंड के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय गांधीग्राम बुल्लावाला में शैक्षिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ ज्ञान की देवी मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में किया गया। सत्र के पहले ही दिन विद्यालय में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया गया
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंधन समिति की उपाध्यक्ष आसिया ने की। इस अवसर पर विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया।
अभिभावकों ने खुशी जताई कि सत्र के आरंभिक दिन ही बच्चों को सभी आवश्यक पुस्तकें उपलब्ध करा दी गईं, जिससे पढ़ाई की शुरुआत बिना किसी बाधा के हो सकी। विद्यालय में कक्षा 6 में आठ नए विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया।
आसिया ने संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर को सुदृढ़ करने के साथ-साथ सामुदायिक सहभागिता, शैक्षिक गतिविधियों और खेलकूद प्रतियोगिताओं में नियमित रूप से बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरी में होने और स्वयं स्नातक होने के बावजूद उन्होंने अपने बच्चों को सरकारी विद्यालय में पढ़ाने का निर्णय लिया है, जहां से उन्हें सकारात्मक और बेहतर परिणाम मिल रहे हैं।
पुस्तक वितरण कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता मोहम्मद हसीन ने सहभागिता करते हुए विद्यालय के प्रति गर्व व्यक्त किया और विद्यालय में इंटरनेट सेवा से संबंधित होने वाले खर्च को वहन करने की जिम्मेदारी लेने की घोषणा की।
प्रधानाध्यापक चंद्र प्रकाश पाल ने बताया कि गत शैक्षिक सत्र का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा है। सत्र के प्रारंभ से ही पढ़ाई सुचारू रूप से शुरू कर दी गई है और पाठ्यपुस्तकों की कोई कमी नहीं है। जिन विषयों की नवीन पुस्तकें अभी उपलब्ध नहीं हो पाई हैं, उनके लिए विद्यालय के बुक बैंक से विद्यार्थियों को पुस्तकें उपलब्ध करा दी गई हैं। मिशन कोशिश का पाठ्यक्रम शिक्षकों को उपलब्ध करा दिया गया है।
कार्यक्रम में सरोज बाला, प्रधानाध्यापिका सुनीता रावत, सहायक अध्यापिकाएं अरुणा नैथानी, मंजू कांबोज, सहायक अध्यापक सुभाष चंद्र, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बाल वाटिका, तेजवीर सिंह, कौशल कुमार, सुमन, तबस्सुम, मोहम्मद शफी, कृष्ण रौथाण, अमजद अली, कुशल देवी, फरीदा खातून, साजिदा खातून, मधु देवी, हसीन अहमद, सोना देवी सहित अनेक अभिभावक और ग्रामीण मौजूद रहे।



