सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज कोटि भानियावाला में वार्षिक परीक्षा परिणाम समारोह, मेधावियों का हुआ सम्मान।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, कोटि भानियावाला में वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषणा एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक बृजभूषण गैरोला शामिल हुए। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि शिक्षा केवल अंक अर्जित करने का माध्यम नहीं, बल्कि यह जीवन को दिशा देने वाली प्रक्रिया है। संस्कारयुक्त शिक्षा से ही जिम्मेदार नागरिक और सशक्त समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य महताब सिंह गुसाईं ने वार्षिक परीक्षा परिणामों की जानकारी देते हुए विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
विद्यालय अध्यक्ष सम्पूर्णानंद थपलियाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ संस्कारों के विकास पर विशेष ध्यान देता है।
प्रबंधक जगत सिंह असवाल ने शिक्षकों के योगदान की सराहना की।
समारोह में डोईवाला नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, सभासद संदीप नेगी, ईश्वर रौथाण सहित शिक्षकगण, अभिभावकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जिससे विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।



