स्वच्छता को लेकर नगर पालिका का जागरूकता अभियान, भनियावाला में नियमों का उल्लंघन करने वालों को नोटिस।
डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर, यूजर चार्ज जमा कराने की कार्रवाई।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
नगर पालिका परिषद द्वारा शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने की दिशा में भनियावाला क्षेत्र में जागरूकता एवं निगरानी अभियान चलाया गया। अधिशासी अधिकारी एम.एल. शाह के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों को डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था से जोड़ना और स्वच्छता नियमों का पालन सुनिश्चित कराना रहा।
अभियान के दौरान नगर पालिका की स्वच्छता वाहिनियों द्वारा पहले से चिन्हित किए गए उन परिवारों और प्रतिष्ठानों से संपर्क किया गया, जो नगर पालिका के कूड़ा संग्रहण वाहनों को कूड़ा नहीं दे रहे थे तथा यूजर चार्ज का भुगतान भी नहीं कर रहे थे। टीम ने ऐसे भवन स्वामियों को नोटिस जारी कर नियमों की जानकारी दी और स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान कई लोगों ने मौके पर ही यूजर चार्ज जमा किया और आगे से कूड़ा निर्धारित वाहनों को देने का आश्वासन दिया।
अधिशासी अधिकारी एम.एल. शाह ने कहा कि नगर पालिका का उद्देश्य दंडात्मक कार्रवाई से पहले नागरिकों को जागरूक करना है, ताकि सभी मिलकर शहर को स्वच्छ बनाए रख सकें। वहीं मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन रावत ने बताया कि स्वच्छता वाहिनियां नियमित रूप से क्षेत्रों में भ्रमण कर रही हैं और नियमों का पालन न करने वालों पर निगरानी रखी जा रही है।
नगर पालिका ने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में कोई भी व्यक्ति या प्रतिष्ठान सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकता पाया गया, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभियान में कर अधीक्षक रविंद्र सिंह पवार, सुपरवाइजर अंकित संजय, स्वच्छता वाहिनी की सदस्य आशा सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।



