Blog

डोईवाला में नदी श्रेणी की सैकड़ो बीघा जमीन पर अवैध कब्जा,जमीन पर प्लाटिंग कर बेच काटी जा रही है चांदी।

केशवपुरी एमआरएफ सेंटर से खता धरमूचक तक नियमों की अनदेखी, कोर्ट के आदेशों के बावजूद गतिविधियां जारी है ।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला क्षेत्र के वार्ड नंबर 11 केशवपुरी, वार्ड नंबर 14 खता धरमूचक से सटे इलाके में नदी श्रेणी की सरकारी भूमि पर बड़े पैमाने पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। एमआरएफ सेंटर से लेकर केशवपुरी, खता, धरमुचक तक सैकड़ों बीघा नदी श्रेणी की जमीन पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया है। आरोप है कि इस भूमि पर न केवल खेती की जा रही है, बल्कि प्लाटिंग कर भूखंड बनाकर लोगों को बेचा भी जा रहा है और मोटी चांदी काटी जा रही है और लोग इस अवैध जमीन पर पक्के निर्माण कर रहे है।

Oplus_16908288
नदी श्रेणी की जमीन को लेकर न्यायालय द्वारा स्पष्ट आदेश जारी किए गए हैं कि इस भूमि में किसी भी प्रकार की गतिविधि, निर्माण या उपयोग की अनुमति नहीं है। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी करते हुए कई स्थानों पर बाउंड्री वॉल खड़ी कर जमीन को निजी संपत्ति के रूप में दर्शाया जा रहा है। इससे न केवल सरकारी भूमि का नुकसान हो रहा है, बल्कि नदी के प्राकृतिक स्वरूप और पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।

नदी श्रेणी की जमीन में अवैध कब्जों के कारण भविष्य में बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है और जल प्रवाह बाधित होने से आसपास के इलाकों में नुकसान की संभावना बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नदी श्रेणी की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
डोईवाला उपजिलाधिकारी (एसडीएम) अपर्णा ढोडियाल ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है,कहा कि राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजकर पूरे क्षेत्र की जांच कराई जाएगी। जांच में यदि अवैध कब्जा, प्लाटिंग या निर्माण कार्य की पुष्टि होती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही न्यायालय के आदेशों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सभासद अमित कुमार का कहना कि नदी श्रेणी की खाली पड़ी जमीन पर जो लोग प्लाटिंग कर बेच रहे हैं उनके खिलाफ प्रशासन को कार्रवाई करनी चाहिए।

सभासद प्रतिनिधि अमित सैनी का कहना है कि नदी श्रेणी की खाली पड़ी जमीन पर जो लोग अवैध कब्जे करके नदी श्रेणी की जमीन पर प्लाटिंग कर बेच रहे हैं उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button