Blog

होली पर रंगों से सजे बाजार, खरीदारी से बढ़ी रौनक, हर्बल गुलाल, सुरक्षित पिचकारी और पकवान सामग्री की बढ़ी मांग, सुबह से देर शाम तक चहल-पहल।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
होली का पर्व नजदीक आते ही नगर के बाजार रंगों और उत्साह से सराबोर हो गए हैं। मिल रोड, रेलवे रोड, देहरादून रोड और ऋषिकेश रोड पर रंग-गुलाल, पिचकारी और त्योहार से जुड़ी अन्य सामग्री की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। बाजारों में सुबह से देर शाम तक खरीदारी का सिलसिला लगातार जारी है।

व्यापारियों के अनुसार इस बार लोग रासायनिक रंगों से दूरी बनाते हुए हर्बल गुलाल को प्राथमिकता दे रहे हैं।

रेलवे रोड के रंग विक्रेता गोपाल गुप्ता ने बताया कि प्राकृतिक तत्वों से बने हर्बल गुलाल की मांग तेजी से बढ़ी है, क्योंकि यह त्वचा के लिए सुरक्षित होता है। जागरूकता बढ़ने से ग्राहक गुणवत्ता को लेकर पहले से ज्यादा सजग नजर आ रहे हैं।
रंगों के साथ-साथ होली के पकवानों की तैयारी भी जोरों पर है।

किराना दुकानदार अपूर्व गोयल ने बताया कि घरों में बनने वाले पारंपरिक व्यंजनों के लिए आटा, सूजी, मैदा, तेल और मसालों की बिक्री बढ़ गई है। इसके अलावा रेडीमेड चिप्स और नमकीन भी लोगों की पसंद बने हुए हैं।

ऋषिकेश रोड के दुकानदार मनोज महावर के अनुसार, इस बार ग्राहक सस्ते सामान के बजाय सुरक्षित और टिकाऊ उत्पादों को महत्व दे रहे हैं। खासतौर पर बच्चों के लिए सुरक्षित रंग और आकर्षक पिचकारियों की अच्छी मांग देखने को मिल रही है।

व्यापारियों का कहना है कि जैसे-जैसे होली का दिन नजदीक आएगा, वैसे-वैसे बाजारों में रौनक और बिक्री दोनों में और इजाफा होगा। कुल मिलाकर, होली से पहले बाजारों की यह चहल-पहल त्योहार के उल्लास और उमंग को साफ तौर पर दर्शा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button