10 अप्रैल को नगर पालिका बोर्ड बैठक, अटके विकास कार्यों पर होगा बड़ा फैसला, (लंबे अंतराल के बाद सजेगा बोर्ड का सदन, विकास, सुरक्षा और जनसुविधाओं पर होंगे अहम निर्णय)
नगर पालिका क्षेत्र के विकास के लिए बोर्ड पूरी तरह प्रतिबद्ध। चेयरमैन नरेंद्र सिंह नेगी
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
नगर पालिका परिषद की बहुप्रतीक्षित बोर्ड बैठक 10 अप्रैल को आयोजित की जाएगी। इससे पहले बोर्ड की अंतिम बैठक 12 नवंबर को हुई थी। इसके बाद 11 मार्च को प्रस्तावित बैठक विधानसभा सत्र के कारण 16 मार्च को तय की गई, लेकिन कोरम पूरा न होने से बैठक नहीं हो सकी। लगातार टलती बैठकों के चलते विकास कार्य प्रभावित रहे, ऐसे में अब यह बैठक नगर के लिए काफी अहम मानी जा रही है।
नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र के विकास के लिए बोर्ड पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पिछली बैठक कोरम पूरा न होने के कारण नहीं हो पाई थी, लेकिन इस बार सभी प्रस्तावों को संज्ञान में लेकर पारित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को किसी भी हाल में रुकने नहीं दिया जाएगा।
वार्ड नंबर 7 के सभासद राजेश भट्ट ने कहा कि पहले से पास प्रस्तावों पर अब तक अमल न होना गंभीर विषय है। पुराने प्रस्ताव अधूरे रहने से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और जनता में नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने मांग की कि पहले लंबित कार्यों को पूरा किया जाए, उसके बाद ही नए प्रस्ताव लाए जाएं।
वार्ड नंबर 3 की सभासद कल्पना राणा ने बताया कि पूर्व में नहर में रेलिंग लगाने, बरसाती नाले में सुरक्षा दीवार और सार्वजनिक शौचालय निर्माण के प्रस्ताव दिए गए थे, लेकिन अब तक इन पर कोई कार्य नहीं हुआ है। इन सभी लंबित प्रस्ताव पर बोर्ड बैठक में पूरा फोकस रहेगा।
वार्ड नंबर 10 के सभासद ईश्वर रोथान ने कहा कि स्ट्रीट लाइट और सीसीटीवी कैमरे नगर की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी हैं। इन प्रस्तावों में देरी से असामाजिक गतिविधियों पर रोक नहीं लग पा रही है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा से जुड़े प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाना चाहिए।
वार्ड नंबर 8 के सभासद संदीप नेगी ने कहा कि नगर पालिका का बजट मूलभूत सुविधाओं पर केंद्रित होना चाहिए। सड़क, पानी, नाली, सफाई और प्रकाश व्यवस्था मजबूत होगी तो आम जनता को राहत मिलेगी। विकास केवल कागजों में नहीं, जमीन पर दिखना चाहिए।
वार्ड नंबर 18 की सभासद सुनीता सैनी ने कहा कि नगर पालिका को आदर्श निकाय बनाने के लिए पुराने और नए सभी प्रस्तावों पर समयबद्ध तरीके से अमल जरूरी है। योजनाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही होगी तभी जनता का भरोसा कायम रहेगा।
वार्ड नंबर 20 कि सभासद रीना कोठारी ने कहा कि लच्छीवाला के नीचे संध्या समय के लिए एक बेहतर सार्वजनिक स्थल विकसित किया जाना चाहिए, ताकि बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सुरक्षित वातावरण में समय बिता सकें। उन्होंने कहा कि नगर पालिका का फोकस सौंदर्यीकरण के साथ-साथ मूलभूत सुविधाओं पर होना चाहिए।
वार्ड नंबर 15 के सभासद रियासत अली ने कहा कि कब्रिस्तान की सड़क सहित कई प्रस्ताव पहले भी बोर्ड बैठकों में रखे जा चुके हैं, लेकिन अब तक उन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है।
उन्होंने बताया कि ये सभी पुराने और लंबित प्रस्ताव हैं, बोर्ड बैठक में एक बार फिर जोर-शोर से उठाया जाएगा। सभासद ने कहा कि स्ट्रीट लाइट और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दे भी लंबे समय से अधूरे पड़े हैं और अब इन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाना जरूरी है।
नगर पालिका अधिशासी अधिकारी एमएल शाह ने बताया कि बोर्ड बैठक को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एजेंडा तय कर लिया गया है और बैठक को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
अब नगरवासियों की नजरें 10 अप्रैल की बोर्ड बैठक पर टिकी हैं। देखना होगा कि क्या इस बार कोरम पूरा होता है और क्या लंबे समय से अटके विकास प्रस्तावों पर ठोस निर्णय लेकर नगर पालिका क्षेत्र को विकास की नई दिशा मिल पाती है।



