10 दिन से झबरावाला में ‘संकट की सप्लाई’, दूषित पानी ने बढ़ाई बीमारियों की आशंका।
टैंकर भेजने की मांग तेज, ट्यूबवेल मरम्मत अधर में।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
झबरावाला में पिछले 10 दिनों से दूषित और पीला पानी आने से ग्रामीणों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। स्वास्थ्य जोखिम बढ़ने के बावजूद विभागीय स्तर पर त्वरित कार्रवाई न होने से लोग नाराज़ हैं। ग्रामीणों का कहना है कि हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि बच्चों और बुजुर्गों में बीमारियों का खतरा बढ़ गया है, पर शिकायतों को सिर्फ “सुन लिया जाएगा” कहकर छोड़ दिया जाता है।
ग्राम प्रधान परविंदर सिंह बाऊ ने कहा कि गांव में नलों से निकलने वाला पानी बिल्कुल असुरक्षित है। लोग मजबूरी में इसी पानी का उपयोग कर रहे हैं। उन्होंने विभाग से मांग की कि जब तक ट्यूबवेल पूरी तरह दुरुस्त नहीं हो जाता, पेयजल टैंकर तुरंत भेजे जाएं, ताकि ग्रामीण सुरक्षित पानी इस्तेमाल कर सकें।
पेयजल निगम की अपर सहायक अभियंता गीता गुसांईं ने बताया कि ट्यूबवेल के आसपास ग्रेवल बैठने से पानी में गंदगी आ रही है और इसे ठीक करने का काम जारी है। उन्होंने कहा कि विभाग जल्द समस्या समाधान को लेकर गंभीर है और साफ पानी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
सभासद सुमन और कुलदीप सिंह ने कहा कि पानी की खराब गुणवत्ता ने ग्रामीणों की दिनचर्या अस्त-व्यस्त कर दी है। खाना पकाने और पीने के लिए लोग हेड पंपों पर निर्भर हो गए हैं, जिससे परेशानी और बढ़ रही है।
स्थानीय निवासी आषाढ़ सिंह, नईम हसन, बलदेव सिंह बिष्ट, विनोद, कलम सिंह रावत, घनश्याम, सुरेश, रीना देवी सहित अन्य लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे मजबूरन सामूहिक विरोध करेंगे।



