25 दिन की गाइडलाइन खत्म, अब 45 दिन बाद गैस — रसोई पर सीधा वार, (भारत गैस की बुकिंग व्यवस्था बदली, प्रेम नगर बाजार के उपभोक्ता बोले—6 अप्रैल की जगह 26 अप्रैल दिखा रहा सिस्टम)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
घरेलू गैस उपभोक्ताओं पर एक और मार पड़ी है। भारत गैस ने चुपचाप बुकिंग गाइडलाइन बदल दी है। जहां अब तक 25 दिन बाद सिलेंडर मिलने की व्यवस्था थी, वहीं अब उपभोक्ताओं को 45 दिन का लंबा इंतजार दिखाया जा रहा है। इसका सीधा असर आम परिवार की रसोई पर पड़ रहा है।
प्रेमनगर बाजार निवासी भारत गैस उपभोक्ता गोपाल गुप्ता ने बताया कि उन्होंने 12 मार्च को सिलेंडर लिया था। उस समय नियम 25 दिन का था, जिसके अनुसार अगला सिलेंडर 6 अप्रैल तक मिल जाना चाहिए था। लेकिन जब उन्होंने अब बुकिंग कराई तो सिस्टम में डिलीवरी की तारीख 26 अप्रैल दिखाई गई।
उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि 25 दिन की बात कहकर उपभोक्ताओं को गुमराह किया गया। अब अचानक 45 दिन कर दिया गया है। जो सिलेंडर 6 अप्रैल को मिलना था, वह सीधे 26 अप्रैल पर पहुंचा दिया गया। ऐसे में घर का चूल्हा आखिर कैसे जलेगा,
उपभोक्ताओं का कहना है कि समय पर गैस न मिलने से उन्हें मजबूरी में महंगे विकल्प अपनाने पड़ रहे हैं। लोगों ने सवाल उठाया है कि बिना सूचना गाइडलाइन बदलना कितना जायज है। मांग की जा रही है कि घरेलू गैस आपूर्ति की व्यवस्था तुरंत सुधारी जाए, वरना जन आक्रोश और बढ़ सकता है।



