Blog

28–29 दिसंबर को दो दिवसीय सम्मेलन, 150 प्रतिनिधि होंगे शामिल।

डोईवाला में सजेगा किसान सभा का राज्य मंच।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
अखिल भारतीय किसान सभा उत्तराखंड का सातवां राज्य सम्मेलन 28 व 29 दिसंबर 2025 को डोईवाला में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन की तैयारियों को लेकर डोईवाला गन्ना समिति के किसान भवन में किसान सभा जिला अध्यक्ष दलजीत सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसके बाद किसान नेताओं ने प्रेस वार्ता कर कार्यक्रम की जानकारी दी।
प्रेस को संबोधित करते हुए किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह साजवाण ने बताया कि दो दिवसीय राज्य सम्मेलन में प्रदेश के सभी जिलों से लगभग 150 प्रतिनिधि भाग लेंगे। 28 दिसंबर को दोपहर 2 बजे डोईवाला गन्ना समिति मैदान में किसानों की आम सभा आयोजित होगी, जिसे अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय महामंत्री बीजू कृष्णन, केंद्रीय कमेटी सदस्य पुष्पेंद्र त्यागी सहित किसान सभा के राज्य पदाधिकारी संबोधित करेंगे। आम सभा के बाद संगठनात्मक सत्र शुरू होगा, जिसमें प्रांतीय महामंत्री गंगाधर नौटियाल पिछले तीन वर्षों की संगठनात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन में किसानों की प्रमुख समस्याओं पर गंभीर विचार-विमर्श किया जाएगा। इनमें न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी, गन्ने का लाभकारी मूल्य ₹500 प्रति कुंतल करने, जंगली जानवरों व आवारा पशुओं से फसलों की सुरक्षा, कृषि आदानों पर 50 प्रतिशत सब्सिडी, स्मार्ट मीटर योजना का विरोध तथा किसान विरोधी बीज विधेयक 2025 को वापस लेने जैसे महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल हैं, जिन्हें बहस के बाद पारित किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रांतीय महामंत्री गंगाधर नौटियाल ने कहा कि सम्मेलन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रतिनिधियों के ठहरने, भोजन और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। बैठक में सम्मेलन के पोस्टर का अनावरण किया गया तथा संयुक्त किसान मोर्चा संयोजक ताजेंद्र सिंह (उर्फ ताज) की अध्यक्षता में 27 सदस्यीय स्वागत समिति का गठन भी किया गया।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह साजवाण, प्रांतीय महामंत्री गंगाधर नौटियाल, प्रदेश कमेटी सदस्य राजेंद्र सिंह पुरोहित, जिला अध्यक्ष दलजीत सिंह, डोईवाला मंडल अध्यक्ष बलवीर सिंह, मंडल सचिव याकूब अली सहित जसवीर सिंह, मलकीत सिंह, भविंदर सिंह, हरबंस सिंह गुरुजी, प्रेम सिंह पाल, नरेंद्र सिंह समेत बड़ी संख्या में किसान सभा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button