Blog

दो सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवियों सत्यम कुमार और आरती को वर्ष 2025 के ‘साईं सृजन सम्मान’ से नवाजा।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
शहीद दुर्गा मल्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डोईवाला-देहरादून के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के दो सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवियों – सत्यम कुमार और आरती को वर्ष 2025 के ‘साईं सृजन सम्मान’ से नवाजा गया। साईं सृजन पटल के संयोजक प्रो.के.एल तलवाड़ के इन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह मंच जहां एक ओर लेखन और सृजन को प्रोत्साहित करता है,वहीं दूसरी ओर प्रतिभाओं को सम्मानित कर समाज में एक सकारात्मक संदेश देने का प्रयास भी किया जा रहा है। डोईवाला महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो.डी.पी.भट्ट ने बताया कि साईं सृजन पटल के कार्यालय से इस संदर्भ में पत्र प्राप्ति के बाद महाविद्यालय के एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों की अनुशंसा के उपरांत उक्त दो स्वयंसेवियों का चयन इस सम्मान के लिए किया गया था। सत्यम ने एनएसएस के शिविरों में प्रतिभाग करके स्वैच्छिक रक्तदान को प्रोत्साहित किया है। वर्ष 2024 में हिमाचल प्रदेश में रीजनल माउंटेनियरिंग सेंटर में एवं उत्तराखंड के शिवपुरी में रिवर राफ्टिंग में सक्रिय प्रतिभाग किया है। आरती ने विभिन्न शिविरों में प्रतिभाग कर आमजनमानस को जनजागरुकता अभियानों में जोड़ने का सराहनीय कार्य किया है। साथ ही शिवपुरी में राज्य स्तरीय साहसिक प्रशिक्षण में भी भाग लिया। इन दोनों ने पूर्ण मनोयोग से एनएसएस की भावना को अंगीकार किया है। साईं सृजन पटल की ओर से इन्हें ‘सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवी सम्मान’ का मोमेन्टो, सम्मान पत्र एवं ₹ 501- नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। राज्य एनएसएस अधिकारी डा.सुनैना रावत व महाविद्यालय की कार्यक्रम अधिकारी डा.किरन जोशी ने साईं सृजन पटल की इस पहल की सराहना करते हुए इन दोनों स्वयंसेवियों को शुभकामनाएं दी। साईं सृजन पटल के मीडिया प्रभारी अंकित तिवारी ने बताया कि प्रत्येक वर्ष यह पुरस्कार विभिन्न महाविद्यालयों के दो सर्वश्रेष्ठ एनएसएस स्वयंसेवियों को दिया जायेगा। सम्मान समारोह में नीलम तलवाड़ व हेमंत हुरला सहित इंसाइडी क्रिएटिव मीडिया का स्टाफ मौजूद रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button